स्मार्ट मीटर के खिलाफ महिलाओं का बड़ा जनआक्रोश

दुर्ग/रिसाली :  छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर और लगातार बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में सोमवार को आम आदमी पार्टी ने प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा के नेतृत्व में रिसाली स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (विद्युत मंडल) कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं, स्थानीय नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तत्काल बंद करने, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा कराने तथा जहां शिकायतें हैं वहां पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

आंदोलन की सबसे बड़ी खासियत महिलाओं की अभूतपूर्व भागीदारी रही। बड़ी संख्या में गृहिणियां, बुजुर्ग महिलाएं और आम उपभोक्ता अपनी समस्याएं लेकर प्रदर्शन में शामिल हुईं। महिलाओं ने कहा कि आज घर का सबसे बड़ा खर्च बिजली बिल बन गया है। पहले जहां सामान्य बिल आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई परिवारों को दो से तीन गुना तक अधिक बिल मिलने की शिकायत है। इससे परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा ने कहा कि स्मार्ट मीटर अब केवल एक तकनीकी व्यवस्था नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं की चिंता का विषय बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना जनता की सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं और इसके बाद उपभोक्ताओं को अत्यधिक बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है। गरीब, मजदूर, किसान, कर्मचारी और मध्यमवर्गीय परिवार इस व्यवस्था से सबसे अधिक प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे को लगातार उठाएगी। यदि सरकार ने शीघ्र समाधान नहीं निकाला तो पूरे छत्तीसगढ़ में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा की जाए तथा जिन उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है उनके यहां पुराने मीटर पुनः लगाए जाएं।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि "सरकार यदि महिलाओं के खातों में दी जाने वाली महतारी वंदन योजना की राशि बंद भी कर दे तो हमें उसका दुख नहीं होगा, लेकिन बिजली बिल से राहत देने की स्थायी योजना जरूर शुरू करे। हर महीने आने वाले भारी-भरकम बिजली बिलों ने परिवारों की कमर तोड़ दी है। यदि बिजली बिल कम हो जाए तो उससे पूरे परिवार को सीधा लाभ मिलेगा।"
महिलाओं ने कहा कि महंगाई पहले से ही लगातार बढ़ रही है। रसोई का खर्च, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयां, किराया और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करना कठिन हो गया है। ऐसे में हजारों रुपये का बिजली बिल आम परिवारों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बन गया है। उनका कहना था कि सरकार को ऐसी नीति बनानी चाहिए जिससे आम जनता को हर महीने राहत मिले, क्योंकि बढ़ते बिजली बिलों के कारण किसी भी अन्य योजना का लाभ भी लोगों को महसूस नहीं हो पा रहा है।
महिलाओं ने यह भी कहा कि यदि सरकार वास्तव में जनहित में काम करना चाहती है तो बिजली बिलों को कम करने की प्रभावी व्यवस्था लागू करे। उनका कहना था कि हर घर में बिजली की जरूरत है और यदि बिजली का खर्च नियंत्रित रहेगा तो गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को सबसे अधिक राहत मिलेगी। उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटर व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर आवश्यक सुधार करने की मांग भी की।
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी की लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा आम नागरिक का अधिकार है। सरकार की हर योजना का उद्देश्य जनता को राहत पहुंचाना होना चाहिए, न कि उस पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश की महिलाओं, किसानों, मजदूरों और प्रत्येक बिजली उपभोक्ता के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
रिसाली स्थित विद्युत मंडल कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष जांच, उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निराकरण, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा तथा प्रभावित उपभोक्ताओं के यहां पुराने मीटर पुनः लगाने की मांग की। अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों को उच्च स्तर तक भेजने और नियमानुसार कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं पूरे समय संजीत विश्वकर्मा के साथ मौजूद रहीं और उन्होंने एक स्वर में कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि आम परिवारों को बढ़ते बिजली बिलों से राहत दिलाने के लिए है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
आंदोलन के अंत में संजीत विश्वकर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश के प्रत्येक बिजली उपभोक्ता की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी। जब तक स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों की समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.