ग्राम गंजईपुरी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस

गरियाबंद : गरियाबंद जिला मुख्यालय से लगे ग्राम गंजईपुरी में रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर ग्रामीण स्तरीय विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आदिवासी युवा संगठन—संयुक्त ग्राम गंजईपुरी, सोहागपुर, कस एवं कासरबाय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत विशाल रैली के साथ हुई। डीजे की धुन पर निकली रैली में युवा पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। इस दौरान गांव की गलियों में आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति और पहचान से जुड़े नारे गूंजते रहे। “एक तीर एक कमान, सबो आदिवासी एक समान” और “हमारा अस्तित्व, हमारी संस्कृति, हमारी पहचान, हमारा अभिमान” जैसे नारों ने माहौल को उत्साह से भर दिया।

रैली के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें आदिवासी समाज की पारंपरिक नृत्य एवं गीतों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में पारंपरिक गोटुल संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सहभागिता निभाई।

आयोजकों ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य आदिवासी समाज की एकता को मजबूत करने के साथ-साथ अपनी पारंपरिक संस्कृति, विरासत और पहचान को संरक्षित एवं आगे बढ़ाना है।आदिवासी युवा संगठन के सदस्यों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए गंजईपुरी, सोहागपुर, कस और कासरबाय के युवाओं तथा ग्रामीणों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में चारों ग्रामों से बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही।

रिपोर्टर : मनोज गोस्वामी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.