बाजार से महंगे चिया सीड खरीदने की अब जरूरत नहीं, गमले में उगाने का तरीका जानिए...
आजकल सेहत को लेकर बढ़ती जागरूकता के कारण चिया सीड्स की डिमांड तेजी से बढ़ी है। बाजार में महंगे मिलने वाले चिया सीड्स को अब आप आसानी से अपने घर में गमले में उगा सकते हैं। चिया के पौधे न सिर्फ देखने में आकर्षक होते हैं, बल्कि इनके बीज, माइक्रोग्रीन्स और कोमल पत्तियां भी स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती हैं।
चिया सीड्स में फाइबर, प्रोटीन, ओमेगा-3 फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो वजन कम करने, डायबिटीज कंट्रोल करने, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय रोगों के खतरे को कम करने में मददगार माने जाते हैं। खास बात यह है कि चिया के पौधों को ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती, इसलिए इन्हें घर पर आसानी से उगाया जा सकता है।
1. बीजों की तैयारी कैसे करें?
सबसे पहले चिया सीड्स को साफ पानी में लगभग 5 से 10 मिनट तक भिगो दें। कुछ ही देर में बीजों के ऊपर जेल जैसी परत बनने लगेगी। यह प्रक्रिया अंकुरण को तेज करने में मदद करती है। ध्यान रखें कि बीजों को ज्यादा देर तक पानी में न छोड़ें, वरना वे खराब हो सकते हैं।
2. गमले और मिट्टी की सही तैयारी
चिया उगाने के लिए ऐसा गमला चुनें जिसमें नीचे ड्रेनेज होल जरूर हों ताकि अतिरिक्त पानी बाहर निकल सके। गमले के तले में कंकड़, बजरी या टूटी टाइल्स की 1-2 इंच मोटी परत बिछाएं। इसके बाद हल्की और भुरभुरी मिट्टी भरें। बेहतर ग्रोथ के लिए पॉटिंग मिक्स इस प्रकार तैयार करें:
50% कोकोपीट
30% वर्मीकंपोस्ट
20% रेत या परलाइट
यह मिश्रण मिट्टी में नमी बनाए रखने के साथ पौधों की जड़ों को पर्याप्त हवा भी देता है।
3. बीज बोने का सही तरीका
भिगोए हुए चिया सीड्स को मिट्टी की ऊपरी सतह पर समान रूप से फैला दें। इन्हें मिट्टी से ढकने की जरूरत नहीं होती। केवल हल्के हाथ से दबा दें ताकि बीज मिट्टी से अच्छी तरह चिपक जाएं।
4. पानी और नमी का ध्यान रखें
बीज बोने के बाद स्प्रे बोतल की मदद से हल्का पानी छिड़कें। मिट्टी हमेशा हल्की नम रहनी चाहिए, लेकिन उसमें पानी जमा नहीं होना चाहिए। शुरुआती 3-4 दिनों तक दिन में 2-3 बार हल्का स्प्रे करें। चिया सीड्स की जेल जैसी परत नमी बनाए रखने में मदद करती है, इसलिए ज्यादा सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ती।
5. सही धूप और तापमान जरूरी
चिया के पौधों के लिए 20 से 25 डिग्री सेल्सियस तापमान सबसे उपयुक्त माना जाता है। गमले को ऐसी जगह रखें जहां सुबह की हल्की धूप मिले। बहुत तेज धूप पौधों को नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए दोपहर की कड़ी धूप से बचाना जरूरी है।
कितने दिनों में तैयार होंगे पौधे?
बीज बोने के लगभग 5 से 6 दिनों बाद छोटे-छोटे अंकुर दिखाई देने लगते हैं। करीब 10 दिनों में माइक्रोग्रीन्स 5 से 8 सेंटीमीटर तक बढ़ जाते हैं। इन्हें कैंची से काटकर सलाद, सैंडविच, स्मूदी या हेल्दी डाइट में इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर पौधों को बढ़ने दिया जाए तो चिया का पौधा 3 से 5 फीट तक ऊंचा हो सकता है। पौधों में फूल आने के बाद उन्हें सूखने दें। लगभग 3 से 4 महीने में सूखे फूलों से नए चिया सीड्स प्राप्त किए जा सकते हैं।
घर में चिया उगाने के फायदे-
बाजार से महंगे चिया सीड्स खरीदने की जरूरत कम होगी
ऑर्गेनिक और केमिकल-फ्री बीज मिलेंगे
माइक्रोग्रीन्स का ताजा इस्तेमाल कर सकेंगे
कम पानी और कम देखभाल में आसानी से उगाया जा सकता है
बालकनी या छत की सुंदरता भी बढ़ती है

No Previous Comments found.