गर्मियों में घर में चींटियों का आना शुरू? ये 5 घरेलू नुस्खे तुरंत दिलाएंगे छुटकारा

गर्मियों की शुरुआत होते ही जहां एक तरफ लू और बीमारियों का खतरा बढ़ता है, वहीं घरों में कीड़े-मकोड़ों की आमद भी शुरू हो जाती है। खासकर चींटियां – लाल हों या काली, दीवारों की दरारों और फर्श की किनारियों से निकलकर रसोई और कपड़ों तक पहुंच जाती हैं। ये न केवल खाने-पीने की चीजों को खराब करती हैं, बल्कि त्वचा पर काटकर जलन भी पैदा कर सकती हैं। अगर आप भी बार-बार आ रही इन चींटियों से परेशान हैं, तो हम आपके लिए लाए हैं कुछ आसान घरेलू उपाय जो इनसे राहत दिलाने में बेहद कारगर हैं।

1. नींबू और पानी का प्राकृतिक स्प्रे

नींबू की तीखी खुशबू और खट्टापन चींटियों को बिल्कुल भी पसंद नहीं आता। एक स्प्रे बोतल में पानी भरें और उसमें नींबू का रस मिलाएं। इस मिश्रण को चींटियों के आने-जाने वाले स्थानों जैसे खिड़की, दरवाजे और कोनों पर छिड़क दें। रोजाना इस्तेमाल करने से फर्क साफ नजर आएगा।

2. सिरका और पानी का असरदार मिश्रण

सफेद सिरका एक प्राकृतिक कीट भगाने वाला उपाय है। बराबर मात्रा में सिरका और पानी मिलाकर स्प्रे बोतल में भरें और इसे उन स्थानों पर स्प्रे करें जहां चींटियां दिखाई देती हैं। इससे उनकी फेरोमोन लाइन टूट जाती है और वे दोबारा उसी रास्ते पर नहीं लौटतीं।

3. हींग का पानी

हींग की गंध भी चींटियों को बिल्कुल पसंद नहीं होती। एक गिलास गुनगुने पानी में आधा चम्मच हींग मिलाएं और स्प्रे बोतल से उसे चींटियों के अड्डों और रास्तों पर छिड़क दें। दिन में 1-2 बार यह उपाय दोहराएं जब तक वे पूरी तरह गायब न हो जाएं।

4. दालचीनी और लौंग का प्रयोग

तेज गंध वाली चीजें जैसे दालचीनी और लौंग भी चींटियों को भगाने में मदद करती हैं। आप इनके टुकड़े या पाउडर उन जगहों पर रख सकते हैं जहां से चींटियां आती हैं। यह न केवल चींटियों को दूर रखेगा बल्कि घर में सौम्य खुशबू भी फैलाएगा।

5. घर को रखें साफ और सूखा

साफ-सफाई किसी भी कीट से बचाव का सबसे पहला उपाय है। गीला और गंदा वातावरण चींटियों को आकर्षित करता है। इसलिए घर को रोज झाड़ू-पोंछा लगाकर साफ रखें, और खासतौर पर खाने की चीजों को अच्छी तरह ढककर ही रखें।

 

 

 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.