सनसनीखेज सड़क हादसा:प्रशासन की जाल साजिश?
चित्रकूट - जनपद के बेड़ी पुलिया क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया,जब एक फोर व्हीलर वाहन की अचानक ब्रेक लगाने से भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में संतोष नामक व्यक्ति और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को फ्रैक्चर होने की पुष्टि डॉक्टरों ने की है। घटना के बाद जहां राहगीरों ने मानवता का परिचय दिया, वहीं पुलिस की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संतोष अपनी पत्नी के साथ रीवा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेड़ी पुलिया के पास एक फोर व्हीलर चालक ने कथित तौर पर नशे की हालत में अचानक इमरजेंसी ब्रेक मार दिया। पीछे से आ रहे संतोष का वाहन असंतुलित हो गया और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। 112 पर सूचना, पुलिस पहुंची… फिर क्या हुआ? मौके पर मौजूद मनोज गुप्ता ने तत्परता दिखाते हुए 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूत्रों के मुताबिक 10 से 15 मिनट के भीतर 112 पुलिस मौके पर पहुंच भी गई। लेकिन आरोप है कि बाद में पहुंचे दो अन्य पुलिसकर्मियों ने पूरे मामले का रुख ही बदल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि उक्त पुलिसकर्मी फोर व्हीलर चालक से मित्रवत व्यवहार करते नजर आए। इतना ही नहीं, चर्चा है कि चालक उनके रिश्तेदार बताए जा रहे हैं और उसे बिना किसी कार्रवाई के वहां से जाने दिया गया।
घायल पड़े रहे, चालक निकल गया?
आरोप है कि घायल संतोष और उनकी पत्नी को सड़क पर असहाय हालत में छोड़ दिया गया, जबकि कथित रूप से दोषी चालक को मौके से हटने की छूट मिल गई। इस दौरान जब मनोज गुप्ता ने पुलिस के रवैये पर आपत्ति जताई, तो पुलिसकर्मियों ने उनसे ही आधार कार्ड और पहचान पत्र मांगकर दबाव बनाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक पुलिसकर्मी का नाम इकबाल बताया जा रहा है, जबकि दूसरा जैकेट पहने हुए था। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
सवालों के घेरे में पुलिस की भूमिका
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो यह न केवल लापरवाही, बल्कि गंभीर कर्तव्यहीनता और पक्षपात का मामला है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएगा? क्या घायल दंपति को न्याय मिल पाएगा? और क्या दोषी वाहन चालक व कथित रूप से लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी? फिलहाल, इस सनसनीखेज हादसे ने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिक निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
संवाददाता - रोहित कुमार सिंह


No Previous Comments found.