अखिलेश की प्रेरणा,अनिल प्रधान का दांव- टॉपर्स को मिली डिजिटल उड़ान
चित्रकूट - जिले की धरती पर मंगलवार को प्रतिभा का ऐसा उत्सव सजा,जहाँ मेहनत के सितारों को तकनीक के पंख दिए गए। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रेरणा से सदर विधायक अनिल प्रधान ने यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के टॉप-10 मेधावियों को लैपटॉप और टैबलेट भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्ज्वलन और बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर, सावित्रीबाई फुले, सरदार पटेल व नेता जी मुलायम सिंह यादव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से हुई, जिसने शिक्षा और सामाजिक न्याय के संदेश को एक साथ मंच पर उतार दिया।
लैपटॉप व टैबलेट पाकर चेहकते बच्चे मंच पर जैसे ही टॉपर्स के नाम गूंजे, तालियों की गड़गड़ाहट ने उनकी मेहनत की कहानी बयां कर दी। मानसी तिवारी से लेकर वप्पारावल सिंह और अंशिका वर्मा तक, हर चेहरे पर संघर्ष की चमक और सपनों की उड़ान साफ दिखी। विधायक अनिल प्रधान ने कहा कि इन होनहारों ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है और यही युवा भविष्य में समाज की दिशा तय करेंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों सहित कई शिक्षाविदों और पार्टी पदाधिकारियों को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सैकड़ों की मौजूदगी में यह आयोजन सिर्फ सम्मान समारोह नहीं, बल्कि संदेश था कि चित्रकूट अब संघर्ष से आगे बढ़कर उपलब्धियों की नई इबारत लिख रहा है- जहाँ प्रतिभा को पहचान भी मिल रही है और तकनीक का साथ भी।
संवाददाता - रोहित कुमार सिंह

No Previous Comments found.