खतरे में 350 करोड़ Chrome यूजर्स, Google ने जारी किया इमरजेंसी अपडेट, तुरंत करें ये काम

दुनिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले वेब ब्राउज़रों में शामिल Google Chrome को लेकर बड़ी सुरक्षा चेतावनी जारी हुई है। गूगल ने खुलासा किया है कि Chrome में दो बेहद खतरनाक Zero-Day कमजोरियां सामने आई हैं, जिनका फायदा हैकर्स पहले से उठा रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कंपनी को तुरंत इमरजेंसी सिक्योरिटी अपडेट जारी करना पड़ा है। माना जा रहा है कि दुनियाभर में करीब 3.5 अरब Chrome यूजर्स इस खतरे की चपेट में आ सकते हैं, इसलिए सभी को तुरंत अपना ब्राउज़र अपडेट करने की सलाह दी गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक Chrome में CVE-2026-3909 और CVE-2026-3910 नाम की दो गंभीर सुरक्षा खामियां मिली हैं। इन्हें Zero-Day Vulnerability कहा जाता है, यानी ऐसी कमजोरी जिसके बारे में पूरी जानकारी मिलने से पहले ही हैकर्स उसका फायदा उठाने लगते हैं। इन खामियों को हाई-सीवेरिटी श्रेणी में रखा गया है क्योंकि ये ब्राउज़र के अहम सिस्टम हिस्सों को प्रभावित करती हैं। अगर इनका दुरुपयोग किया जाए तो हमलावर किसी यूजर के सिस्टम में कोड चला सकते हैं या संवेदनशील डेटा तक पहुंच बना सकते हैं।

जानकारी के अनुसार CVE-2026-3909 Chrome के ग्राफिक्स सिस्टम Skia से जुड़ी खामी है। इसके जरिए हैकर्स किसी यूजर को एक खतरनाक वेबसाइट पर भेजकर उसके सिस्टम में मैलिशियस कोड रन करवा सकते हैं। वहीं CVE-2026-3910 Chrome के JavaScript इंजन V8 में पाई गई कमजोरी है। इस कमजोरी का फायदा उठाकर हमलावर खास तरह के HTML पेज के जरिए ब्राउज़र के भीतर कोड चला सकते हैं। ऐसे में सिर्फ किसी संदिग्ध वेबसाइट को खोलना भी यूजर के लिए खतरा बन सकता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.