केबीएसएस +2 उच्च विद्यालय में छात्र-छात्राओं को कानून और सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
चौपारण : आज दिनांक 29 अगस्त 2026 को चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत केबीएसएस +2 उच्च विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को नशे और मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, एनडीपीएस अधिनियम, डायल-112, डायन कुप्रथा, साइबर फ्रॉड एवं महिला प्रताड़ना जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक एवं कानूनी विषयों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों को बताया गया कि नशीले एवं मादक पदार्थों का सेवन न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि इससे समाज और भविष्य पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने आसपास भी लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई। साथ ही डायल-112 की उपयोगिता के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए इस सेवा का उपयोग किया जा सकता है। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान डायन कुप्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। इसके अलावा साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताते हुए कहा गया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी अथवा पासवर्ड साझा नहीं करें।
महिला प्रताड़ना और महिलाओं के अधिकारों पर भी चर्चा की गई तथा बच्चों से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
रिपोर्ट: अमित सिंह
No Previous Comments found.