कनॉट प्लेस में पुलिस पर पत्थर फेंकने का वीडियो वायरल, दिल्ली में सुरक्षा सख्त

दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव किए जाने का वीडियो सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को हटाने और भीड़ को खदेड़ने के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पत्थर फेंके। सामने आए वीडियो में प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग पुलिस पर पथराव करते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह घटना शनिवार को कनॉट प्लेस इलाके में हुई। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, जब पुलिस प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने लगी, उसी दौरान कुछ लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। अब इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

कनॉट प्लेस में सुरक्षा बढ़ाई गई

शनिवार को हुए प्रदर्शन के बाद रविवार को दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी नजर आई। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टुकड़ी ने नई दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान कनॉट प्लेस के इनर सर्कल में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी मार्च करते दिखाई दिए।

CJP ने प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है। पार्टी के अंजिक्य शिंदे ने शनिवार को कहा था कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। ऐसे में रविवार को भी प्रदर्शन बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

CJP नेताओं को कोर्ट से मिली रिहाई

प्रदर्शन के दौरान CJP संस्थापक अभिजीत दिपके और पार्टी नेताओं सौरव दास तथा आशुतोष रांका को शनिवार को हिरासत में लिया गया था। रविवार को तीनों को दिल्ली की एसीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिहा कर दिया गया।

अब कॉकरोच जनता पार्टी दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली है। ऐसे में सभी की नजरें पार्टी के अगले कदम और प्रदर्शन को लेकर होने वाले ऐलान पर टिकी हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.