एक को पकड़ने दौड़ी पुलिस, दूसरा भाग निकला! CJP प्रदर्शन का वीडियो चर्चा में
दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच दिनभर भागमभाग देखने को मिली। जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे लोगों को पुलिस की सख्ती का सामना करना पड़ा। जंतर-मंतर से लेकर कनॉट प्लेस तक कई वीडियो सामने आए, जिनमें प्रदर्शनकारी पुलिस से बचते और पुलिसकर्मी उन्हें पकड़ने के लिए दौड़ते नजर आए।
एक वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी एक प्रदर्शनकारी को पकड़ता दिखाई देता है। इसी दौरान कुछ अन्य प्रदर्शनकारी वहां से भागने लगते हैं। पुलिसकर्मी उन्हें पकड़ने के लिए उनके पीछे दौड़ पड़ता है। मौका देखकर पहले से पकड़ा गया प्रदर्शनकारी भी पुलिस की पकड़ से निकलकर भाग जाता है। यानी एक को पकड़ने के चक्कर में दूसरा हाथ से निकल गया। वीडियो में प्रदर्शन के दौरान हुई भागमभाग की झलक दिखाई देती है।
गांधी जी के गेटअप में दौड़ता दिखा शख्स
CJP प्रदर्शन के दौरान एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें सफेद धोती, चश्मा और हाथ में लाठी लिए महात्मा गांधी के हुलिए में एक शख्स तेजी से दौड़ता नजर आता है। उसके पीछे दिल्ली पुलिस के जवान भी दौड़ रहे हैं। इसी दौरान किसी की आवाज सुनाई देती है, “अरे गांधी जी, कहां भाग रहे हैं?” वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।
डॉक्टर का पर्चा दिखाता नजर आया युवक
प्रदर्शन के दौरान सामने आए एक अन्य वीडियो में दिल्ली पुलिस एक युवक को रोकती दिखाई देती है। युवक पुलिस से कहता है कि वह डॉक्टर को दिखाने जा रहा है। पुलिस के रोकने पर वह डॉक्टर का पर्चा दिखाता नजर आता है। इस दौरान पुलिस और युवक के बीच हुई बातचीत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
कनॉट प्लेस में पब्लिक टॉयलेट में घुसे प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन के दौरान कनॉट प्लेस से भी एक वीडियो सामने आया, जिसमें प्रदर्शनकारियों की भीड़ पब्लिक टॉयलेट में जाती दिखाई देती है। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के बीच प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच अलग-अलग जगहों पर ऐसी स्थिति देखने को मिली।
CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद राजधानी में बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था की गई। प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोकने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की गई और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया।
रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर तक नहीं पहुंच सके और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में छोटे-छोटे समूहों में प्रदर्शन करते नजर आए। पुलिस ने बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इस दौरान सामने आए वीडियो में कहीं पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच दौड़भाग दिखाई दी, तो कहीं हिरासत की कार्रवाई के दौरान हुई बातचीत कैमरे में कैद हो गई।

No Previous Comments found.