अगले महीने शुरू होगा CJP का 'क्या बोलती पब्लिक' अभियान, जनता के बीच जाकर सुनेगी मुद्दे
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अगले महीने से देशभर में एक नए जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करने जा रही है। ‘क्या बोलती पब्लिक’ नाम से शुरू होने वाले इस अभियान के तहत पार्टी आम लोगों के बीच पहुंचेगी और उनकी समस्याओं, चिंताओं तथा देश के मौजूदा मुद्दों को लेकर उनकी राय जानेगी।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने छत्रपति संभाजीनगर में पार्टी की कोर टीम की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी का उद्देश्य सीधे जनता से संवाद स्थापित करना है, ताकि जमीनी स्तर पर लोगों की वास्तविक परेशानियों को समझा जा सके।
दीपके ने कहा कि देश में रोजगार का संकट एक गंभीर विषय बन चुका है। उन्होंने हाल में हुए जंतर-मंतर प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि बेरोजगारी अब केवल छात्रों की समस्या नहीं रह गई है, बल्कि बड़ी संख्या में युवा इससे प्रभावित हैं। उनके मुताबिक रोजगार का मुद्दा देशव्यापी बहस का हिस्सा बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि CJP आने वाले समय में बेरोजगारी और शिक्षा जैसे मुद्दों को लेकर बड़े स्तर पर अभियान चलाएगी। पार्टी की योजना विभिन्न राज्यों और जिलों में बैठकें, जनसंवाद कार्यक्रम और युवा सम्मेलनों के जरिए लोगों तक पहुंचने की है।
अभिजीत दीपके ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षा को केवल व्यावसायिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उनका कहना है कि शिक्षा को अधिक सुलभ और बेहतर बनाने की दिशा में काम करने की जरूरत है।
बैठक में पार्टी की आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क रणनीति पर भी चर्चा हुई। CJP का कहना है कि ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान के जरिए जनता की आवाज को सामने लाने और रोजगार समेत अन्य अहम मुद्दों पर जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
No Previous Comments found.