सावधान! कॉकरोच जनता पार्टी के नाम पर वायरल हो रहा फेक लिंक

सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए साइबर ठग अब नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” के नाम पर हो रही साइबर ठगी का सामने आया है। साइबर अपराधी पार्टी के नाम और युवाओं की भावनाओं का गलत इस्तेमाल कर फर्जी मैसेज वायरल कर रहे हैं। इसको लेकर पंजाब पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

पंजाब के लुधियाना पुलिस प्रशासन ने इस फर्जीवाड़े से बचाव के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें साइबर ठगी के इस नए तरीके की जानकारी दी गई है। करीब 42 सेकेंड के वीडियो में पुलिस अधिकारी अमरिंदर सिंह ने बताया कि किस तरह एक छोटी सी गलती लोगों को आर्थिक रूप से बर्बाद कर सकती है। पुलिस के अनुसार, साइबर ठग लोगों को वॉट्सऐप पर फर्जी मैसेज भेज रहे हैं। इन मैसेज में युवाओं को लुभाने वाली बातें लिखी जाती हैं और फिर “कॉकरोच जनता पार्टी जॉइन करें” जैसे संदेश के साथ एक लिंक भेजा जाता है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह लिंक एक फिशिंग लिंक है। जैसे ही कोई यूजर इस लिंक पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल फोन हैक हो सकता है। इसके बाद साइबर अपराधी फोन में मौजूद बैंकिंग डिटेल्स, पासवर्ड और ओटीपी जैसी महत्वपूर्ण जानकारी चुरा लेते हैं। एक बार फोन हैक होने के बाद अपराधी न केवल बैंक खाते से पैसे निकाल लेते हैं, बल्कि कई मामलों में पीड़ित के नाम पर लोन तक ले लेते हैं। ऐसे में पुलिस ने लोगों से किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने की अपील की है।

साइबर ठगी से बचने के लिए जरूरी सावधानियां:

अनजान नंबर से आए किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी जांच जरूर करें।
वेबसाइट का नाम और डोमेन ध्यान से देखें।
शॉर्ट यूआरएल या छोटे लिंक से सावधान रहें।
किसी भी व्यक्ति के साथ OTP साझा न करें।
बैंकिंग डिटेल्स, कार्ड नंबर और पासवर्ड किसी संदिग्ध वेबसाइट पर दर्ज न करें।
थर्ड पार्टी ऐप्स या APK फाइल डाउनलोड करने से बचें।
मोबाइल ऐप हमेशा आधिकारिक ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें।

पुलिस का कहना है कि थोड़ी सी सतर्कता और जागरूकता से बड़ी साइबर ठगी से बचा जा सकता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.