गमले में उगाऐं ग्वार फली, जानिए आसान तरीका
ग्वार फली यानी क्लस्टर बीन्स कम जगह और कम पानी में भी आसानी से उगाई जा सकती है। इसके लिए 12 से 15 इंच गहरा गमला लें, जिसमें पानी निकासी के लिए छेद हो। मिट्टी में 50 प्रतिशत गार्डन सॉइल, 30 प्रतिशत वर्मीकंपोस्ट और 20 प्रतिशत कोकोपीट मिलाएं। इसमें एक मुट्ठी नीम खली भी डाल सकते हैं। गमला भरते समय ऊपर करीब दो इंच जगह खाली रखें, ताकि पानी और खाद देने में आसानी हो।
बीज बोने का सही तरीका
अच्छी गुणवत्ता के बीज लेकर उन्हें 4 से 6 घंटे हल्के गुनगुने पानी में भिगोएं। गमले की मिट्टी में आधा से एक इंच गहरा गड्ढा बनाकर बीज डालें और ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें। 14 इंच के गमले में 2 से 3 बीज पर्याप्त होते हैं। बुवाई के बाद हल्का पानी छिड़कें और गमले को ऐसी जगह रखें जहां रोज 5 से 6 घंटे सीधी धूप मिले।
पानी और खाद का रखें ध्यान
ग्वार फली को ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती। मिट्टी की ऊपरी सतह सूखने पर ही हल्का पानी दें, क्योंकि ज्यादा नमी से पौधे की जड़ें प्रभावित हो सकती हैं। पौधा करीब एक महीने का होने पर हर 15 से 20 दिन में दो मुट्ठी वर्मीकंपोस्ट डालें। कीड़ों से बचाव के लिए महीने में एक बार नीम तेल का स्प्रे किया जा सकता है। पर्याप्त धूप और सही देखभाल से पौधा अच्छी तरह विकसित होता है।
50-60 दिन में मिलने लगती हैं फलियां
बुवाई के करीब 50 से 60 दिन बाद पौधे पर फूल आने लगते हैं और फलियां बनने लगती हैं। जब फलियां हरी और ताजी हों, तभी उनकी तुड़ाई कर लें, क्योंकि ज्यादा देर छोड़ने पर वे सख्त हो सकती हैं। नियमित रूप से फलियां तोड़ते रहने से पौधे में नई शाखाएं और फलियां लगातार बनती रहती हैं।
No Previous Comments found.