PM मोदी को CM विजय ने दी बधाई तारीफ के कई सियासी मायने
AKANSHA UPADHYAY
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी गई जन्मदिन की बधाई इन दिनों सियासी चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर सीएम विजय ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनकी नेतृत्व क्षमता और मजबूत भारत के निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों की तारीफ की। विजय के इस संदेश को सिर्फ एक औपचारिक बर्थडे विश नहीं माना जा रहा है, बल्कि इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।तमिलनाडु मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विजय का संदेश शेयर किया गया। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। संदेश में कहा गया कि प्रधानमंत्री एक मजबूत भारत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से नेतृत्व कर रहे हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की।
वहीं सबसे खास बात यह रही कि इस संदेश के साथ प्रधानमंत्री मोदी और सीएम विजय की तस्वीर भी शेयर की गई। यही वजह है कि विजय के संदेश को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।दरअसल, चुनाव से पहले विजय BJP को अपनी पार्टी का वैचारिक विरोधी बता चुके हैं। उनकी राजनीति और BJP के बीच विचारधारा को लेकर मतभेद भी सार्वजनिक रहे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता और मजबूत भारत के निर्माण में उनके प्रयासों की खुलकर तारीफ को उनके मौजूदा राजनीतिक रुख के संदर्भ में देखा जा रहा है।
हालांकि, इसे सीधे तौर पर किसी राजनीतिक गठजोड़ या वैचारिक बदलाव का संकेत मानना फिलहाल जल्दबाजी होगी। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय की राजनीति में सरकार चलाने से जुड़े व्यावहारिक मुद्दों पर ज्यादा जोर दिखाई देता है। तमिलनाडु के विकास और राज्य से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार के साथ संवाद और सहयोग भी इसी व्यापक राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हो सकता है।
यानी एक तरफ BJP और विजय के बीच वैचारिक मतभेद कायम हैं, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी के प्रति उनकी भाषा में सम्मान और सकारात्मकता दिखाई दे रही है।अब सवाल यही है कि विजय का यह संदेश सिर्फ संवैधानिक पद की मर्यादा के तहत दी गई शुभकामना है, या आने वाले दिनों में केंद्र और तमिलनाडु सरकार के रिश्तों में किसी नए राजनीतिक समीकरण की शुरुआत के संकेत देता है। इसका जवाब आने वाले राजनीतिक घटनाक्रम ही देंगे।
No Previous Comments found.