योगी सरकार का युवाओं को डिजिटल तोहफा! 50 हजार से ज्यादा छात्रों को मिले टैबलेट

उत्तर प्रदेश में युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के लिए 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से इस अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए।

यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि सरकार ने प्रदेश के 2 करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। पहले चरण में 60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को डिजिटल डिवाइस दिए जा चुके हैं। अब दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट बांटने का अभियान शुरू किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 नवंबर को अभियान की शुरुआत करने की वजह बताते हुए कहा कि यह दिन भगवान बिरसा मुंडा की जयंती है। उन्होंने महज 25 साल की उम्र में ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया था। सीएम ने उनके योगदान को देश की आजादी की लड़ाई का अहम हिस्सा बताया।

योगी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना की शुरुआत 25 दिसंबर 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर की गई थी। उस समय कोरोना महामारी के कारण पढ़ाई और परीक्षाएं प्रभावित हो रही थीं। कोविड नियमों के चलते विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने में परेशानी हो रही थी। ऐसे में सरकार ने 2 करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का फैसला किया था, ताकि वे तकनीक के माध्यम से अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत युवाओं की बड़ी आबादी वाला देश है और उत्तर प्रदेश में भी युवाओं की संख्या काफी अधिक है। उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमता पहचानने और मेहनत के दम पर आगे बढ़ने की अपील की। सीएम योगी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि संसाधनों की कमी के कारण किसी भी युवा की प्रतिभा पीछे न रह जाए। हर युवा को आगे बढ़ने के लिए जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस समय युवाओं के भविष्य के बजाय उन्हें जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा गया। युवाओं को तकनीक से जोड़ने के लिए भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी संबोधित किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस समय उत्तर प्रदेश की पहचान कट्टा उद्योग वाले प्रदेश के रूप में बन गई थी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के युवाओं के हाथों में कंप्यूटर, मोबाइल और टैबलेट हैं। सरकार ने युवाओं की जरूरतों को समझते हुए उन्हें ये संसाधन उपलब्ध कराए हैं। ब्रजेश पाठक ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले लोग पूछते थे कि बिजली दिन में आती है या रात में, जबकि अब पूरे प्रदेश में 24 घंटे बिजली मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब राजस्व अधिशेष वाला राज्य है।

डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि पहले दूसरे राज्यों में उत्तर प्रदेश के युवाओं को गुंडों के प्रदेश से आया हुआ समझा जाता था।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.