जनता दर्शन में सीएम योगी और नन्ही अनाबी की मासूम बातचीत, वीडियो हुआ वायरल
वायरल वीडिओ को किया जा रहा काफी पसंद-
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इसी दौरान एक नन्ही बच्ची और मुख्यमंत्री के बीच हुई भावुक और मासूम बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं।
एडमीशन करा दीजिए सरःयोगी के समक्ष बच्ची ने रखी मांग-
जनता दर्शन में अपने परिजनों के साथ पहुंची बच्ची ने मुख्यमंत्री से स्कूल में एडमिशन कराने की गुहार लगाई। जब सीएम योगी बच्ची के पास पहुंचे और उससे नाम पूछा तो उसने अपना नाम अनाबी अली बताया। मुख्यमंत्री ने प्यार से पूछा कि क्या काम है, जिस पर बच्ची ने थोड़ी झिझक के साथ कहा— “लोरेटो स्कूल में एडमिशन करा दीजिए।” बच्ची की मासूमियत देख मुख्यमंत्री मुस्कुराए और उससे बातचीत करते हुए पूछा कि किस कक्षा में दाखिला चाहिए। बच्ची ने नर्सरी में एडमिशन की बात कही।
बच्ची ने मुख्यमंत्री को सुनाई कविता-
मुख्यमंत्री योगी ने बच्ची से पूछा कि वह रोज स्कूल जाएगी और मेहनत से पढ़ाई करेगी या नहीं, जिस पर बच्ची ने सिर हिलाकर हामी भरी। बातचीत के दौरान बच्ची ने बताया कि वह पहले प्ले हाउस स्कूल में पढ़ती थी और वहां ABCD सीखती थी। इसके बाद बच्ची ने मुख्यमंत्री को एक कविता भी सुनाई—
“हम शेर बच्चे, शेर बच्चे हैं,
हम छोटे हैं तो क्या हुआ, दिल के सच्चे हैं,
हम बड़े होकर देश की शान बढ़ाएंगे,
जय हिंद।”
बच्ची की सराहना कर थमाई चॅाकलेट-
कविता सुनकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्ची की सराहना की, उसका उत्साह बढ़ाया और अधिकारियों को लोरेटो स्कूल में एडमिशन कराने के निर्देश दिए। साथ ही बच्ची को चॉकलेट भी दी।
सीएम योगी से मिलने के बाद बच्ची के चेहरे पर आई मुस्कुराहट-
सीएम से मुलाकात के बाद बच्ची अनाबी अली ने खुशी जताते हुए कहा कि योगी जी ने उसका एडमिशन कराने के लिए कहा है। वहीं बच्ची की मां फराह मुशर्रफ ने बताया कि वे अपनी बेटी के दाखिले के लिए आए थे और उन्हें पूरा भरोसा दिलाया गया है कि उसका एडमिशन हो जाएगा। यह दृश्य जनता दर्शन की संवेदनशील और मानवीय तस्वीर पेश करता है।


No Previous Comments found.