सिंगापुर दौरे पर योगी सरकार की बड़ी उपलब्धि
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन इन्वेस्ट यूपी और सिंगापुर कोऑपरेशन एंटरप्राइज के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता उत्तर प्रदेश में संस्थागत क्षमता और नीतिगत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए किया गया है। साथ ही, राज्य में इकोसिस्टम के दीर्घकालिक विकास के लिए रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ट्रेनिंग और क्षमता निर्माण कार्यक्रम
एमओयू के तहत दोनों पक्ष स्टडी विजिट्स और लीडरशिप डेलिगेशन का आयोजन करेंगे। इसके अलावा ट्रेनिंग और कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रमों का खाका तैयार कर उन्हें लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों की कौशल और कार्यक्षमता दोनों को बढ़ाना है। इसके अलावा, एमओयू में सलाह और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने, तकनीकी सहयोग की परियोजनाओं को विकसित करने और सरकारी व निजी संस्थाओं के साथ सहयोग करने के प्रावधान भी शामिल हैं।
जेवर एयरपोर्ट पर 4458 करोड़ रुपये निवेश करेगी एआई सैट्स
सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश का एक और तोहफा मिला। एविएशन सर्विस सेक्टर की अग्रणी कंपनी AISATS ने गौतमबुद्ध नगर स्थित जेवर (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट) में दो प्रमुख परियोजनाओं के लिए एमओयू किया। कंपनी इन दोनों प्रोजेक्ट्स पर 4458 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
जेवर एयरपोर्ट बनेगा उत्तर भारत का कार्गो हब
एमओयू के अनुसार, एआई सैट्स जेवर एयरपोर्ट परिसर में अत्याधुनिक कार्गो कैंपस का निर्माण करेगी। यह कैंपस न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए एयर फ्रेट और लॉजिस्टिक्स का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे निर्यात-आयात गतिविधियों को गति मिलेगी और इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा और कृषि उत्पादों जैसे क्षेत्रों को विशेष लाभ होगा।
अत्याधुनिक एयर कैटरिंग किचन
एमओयू के दूसरे प्रोजेक्ट के तहत नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विश्वस्तरीय एयर कैटरिंग किचन स्थापित किया जाएगा। यह किचन जेवर एयरपोर्ट से संचालित होने वाली सभी उड़ानों के लिए उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा, इस किचन से तैयार भोजन पूरे उत्तर भारत के विभिन्न एयरपोर्ट्स पर भी सप्लाई किया जाएगा।


No Previous Comments found.