कॉकरोच पार्टी को कुचलने आयी 'ऑगी जनता पार्टी'!
सुनो-सुनो भाई सुनो! सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों एक ऐसा महाभारत छिड़ा है, जिसने बड़े-बड़े धुरंधर राजनेताओं और उनकी आईटी सेल की रातों की नींद उड़ा दी है। न कोई असली रैली, न कोई चुनावी मंच, फिर भी जनता इस लड़ाई पर अपनी आँखें गड़ाए बैठी है। दरअसल, बात ही कुछ ऐसी है! कल तक जो नौजवान बेरोजगारी और पेपर लीक के सिस्टम पर भड़ास निकालने के लिए 'कॉकरोच जनता पार्टी' का झंडा उठाए घूम रहे थे और देखते ही देखते 2.15 करोड़ यानि 21.5 मिलियन की डिजिटल फौज खड़ी कर चुके थे...आज उन्हें ललकारने के लिए मैदान में उतर चुकी है 'ऑगी जनता पार्टी' यानि OJP! जी हां, वही मशहूर कार्टून शो 'ऑगी एंड द कॉकरोचेस' वाली दुश्मनी अब इंस्टाग्राम और ट्विटर के सियासी गलियारों में गूंज रही है। एक तरफ हैं सिस्टम से नाराज खुद को 'कॉकरोच' कहने वाले युवा, तो दूसरी तरफ है कुर्ता-पायजामा पहने 'ऑगी' जो इन कॉकरोचों का शिकार करने की कसम खाकर उतरा है। आखिर क्या है इन दोनों पैरोडी पार्टियों का एजेंडा, क्यों छिड़ी है इनके बीच वर्चुअल जंग, और कैसे एक कार्टून शो बन गया इंटरनेट की राजनीति का नया अखाड़ा? आइए जानते हैं इस महा-मुकाबले की इनसाइड स्टोरी!
दरअसल, पूरा माजरा तब शुरू हुआ जब सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' का जन्म हुआ। इस पेज ने देश के युवाओं की हताशा, बेरोजगारी, और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों को मीम्स और तीखे व्यंग्य के जरिए उठाना शुरू किया। युवाओं को यह अंदाज इतना पसंद आया कि कुछ ही दिनों में इसके फॉलोअर्स का आंकड़ा 2 करोड़ के पार पहुंच गया, जिसने कई स्थापित राजनीतिक दलों जैसे भाजपा और कांग्रेस को भी पीछे छोड़ दिया। हालांकि, विवादों के बाद इस पेज को सस्पेंड भी किया गया, लेकिन उन्होंने 'कॉकरोच इज़ बैक' नाम से वापसी कर ली। अब इसी CJP के दबदबे को चुनौती देने और उनके दावों की हवा निकालने के लिए एंट्री हुई है 'ऑगी जनता पार्टी' की। ओजेपी ने आते ही सोशल मीडिया का तापमान बढ़ा दिया है और खुद को CJP का कट्टर विरोधी घोषित कर दिया है।
आपको बता दें ओगी जनता पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में 5 बड़े वादे किए हैं, जिससे इंटरनेट पर तहलका मच गया है।
1. CJP के 'आका' का पर्दाफाश!
OJP ने मैदान में आते ही सबसे पहला और तीखा हमला CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके पर किया। OJP का दावा है कि कॉकरोच जनता पार्टी खुद को न्यूट्रल और आम जनता की आवाज बताती है, लेकिन असल में इसके तार एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं। सबूत के तौर पर OJP ने अभिजीत दीपके का 2024 का एक पुराना पोस्ट शेयर कर दिया। इस पोस्ट में अभिजीत ने बोस्टन जाने से पहले दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को धन्यवाद देते हुए लिखा था कि "आपके साथ काम करने के मौकों के लिए आभारी हूं...कोई भी दूरी आम आदमी पार्टी के प्रति मेरी प्रतिबद्धता को कमजोर नहीं कर सकती।" ओजेपी का सीधा आरोप है कि दीपके आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया और चुनाव अभियान टीम का हिस्सा रहे हैं और यह सब एक सोची-समझी राजनीति का हिस्सा है।
2. "हर साइज का कॉकरोच...खल्लास!"
कार्टून शो की ही तरह इस पार्टी का मकसद भी बेहद आक्रामक और मजेदार है। ओगी जनता पार्टी की ऑफिशियल वेबसाइट पर उनका मोटो साफ-साफ लिखा गया है कि "Any roach. Any size. Any species. Dead." यानी कोई भी कॉकरोच हो, किसी भी आकार का हो, किसी भी प्रजाति का हो, उसे खत्म करना ही OJP का एकमात्र मिशन है। लोग इस पर जमकर मीम्स बना रहे हैं।
3. युवाओं को 'कॉकरोच' कहने पर आपत्ति!
OJP ने एक बेहद भावुक और तीखा पोस्ट शेयर किया, जिसमें भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरों का एक मोंटाज था। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने युवाओं द्वारा खुद को कॉकरोच कहे जाने के ट्रेंड पर करारा तंज कसा। OJP ने लिखा..."जिस देश को तलवारों की धार और बलिदानों से आजादी मिली, वहां आज का युवा खुद को 'कॉकरोच' कहलाने में गर्व महसूस कर रहा है। सच में, यह 'बेरोजगारी चरम पर होने' का सबसे बड़ा और खतरनाक लक्षण है!"
4. 'पशु अधिकार घोषणापत्र'
आपको बता दें ओगी जनता पार्टी सिर्फ दूसरों की टांग खींचने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसने सोशल मीडिया पर बाकायदा सफेद कुर्ता-पायजामा पहने 'ऑगी' का पोस्टर जारी किया है, जिसमें वह जानवरों के बीच खड़ा है। उनका यह 6-सूत्रीय एनिमल वेलफेयर मेनिफेस्टो लोगों का दिल जीत रहा है।
5. NEET पेपर लीक पर न्याय की मांग
ओजेपी भले ही पैरोडी राजनीति कर रही हो, लेकिन छात्रों के गंभीर मुद्दों पर वह चुप नहीं है। उन्होंने अपने ऑगी के साथ सोशल मीडिया पर एक विजुअल शेयर करते हुए NEET परीक्षा के पेपर लीक मामले पर खुलकर अपनी राय रखी और न्याय की मांग की। उन्होंने साफ शब्दों में लिखा कि "देश के छात्र न्याय के हकदार हैं।"
OJP के घोषणापत्र के मुख्य वादे:
बेसहारा और आवारा जानवरों के लिए बिल्कुल मुफ्त इलाज।
पशु क्रूरता के खिलाफ सख्त से सख्त कानून बनाना।
हर शहर में ज्यादा से ज्यादा शेल्टर होम का निर्माण।
जानवरों के लिए रोजाना भोजन वितरण का विशेष मिशन।
बड़े पैमाने पर पशु गोद लेने के प्रति जागरूकता अभियान चलाना।
देखा जाए तो एक बात साफ है! इंटरनेट की यह कार्टून वॉर अब सिर्फ हंसी-मजाक या टाइमपास नहीं रह गई है। जहां एक तरफ 'कॉकरोच जनता पार्टी' बेरोजगारी और सिस्टम की कमियों को ढाल बनाकर युवाओं की नाराजगी को भुना रही है, वहीं दूसरी तरफ 'ऑगी जनता पार्टी' विरोधियों के राजनीतिक कनेक्शन की धज्जियां उड़ाते हुए बेजुबान जानवरों के हक और देश के स्वाभिमान की बात कर रही है। हालांकि इंस्टाग्राम पर OJP के अभी करीब 9,000 से ज्यादा फॉलोअर्स ही हुए हैं और वह CJP के 2 करोड़ के साम्राज्य से काफी पीछे है, लेकिन उनके तीखे तेवर और तगड़े एजेंडे ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है। OJP ने अपने बायो में साफ लिखा है कि उन्हें किसी भी राजनीतिक पार्टी का समर्थन प्राप्त नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया की जनता इस बात को बखूबी समझती है कि इंटरनेट का यह ह्यूमर कभी-कभी हकीकत की राजनीति पर भी भारी पड़ जाता है। अब देखना यह होगा कि इस 'ऑगी बनाम कॉकरोच' की लड़ाई में ऊंट किस करवट बैठता है और डिजिटल जनता किसे अपना असली नेता चुनती है। पर जो भी हो, एक बात तो तय है कि सोशल मीडिया पर राजनीति अब उबाऊ भाषणों से निकलकर मीम्स, सटायर और कार्टून कैरेक्टर्स के जरिए एक नए और बेहद रोमांचक दौर में प्रवेश कर चुकी है।

No Previous Comments found.