सर्दियों में बच्चों को खिलाएं मैकरोनी वेज सूप, स्वाद ऐसा कि सब्जियां खाने में नहीं करेंगे आनाकानी
सर्दियों का मौसम आते ही कुछ गरमागरम और स्वादिष्ट खाने का मन करने लगता है। इस मौसम में बड़े ही नहीं, बच्चे भी तरह-तरह की डिश खाना पसंद करते हैं। हालांकि, बच्चों को हरी सब्जियां खिलाना हर मां के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होता। गाजर, मटर और बीन्स जैसी सब्जियां देखते ही कई बच्चे खाने से मुंह मोड़ने लगते हैं। ऐसे में अगर आप भी बच्चों की इस आदत से परेशान हैं, तो इस सर्दी उन्हें मैकरोनी वेज सूप बनाकर खिला सकती हैं।दरअसल, बच्चों को पास्ता और मैकरोनी खाना काफी पसंद होता है। ऐसे में उनकी इसी पसंद को ध्यान में रखते हुए आप स्वादिष्ट मैकरोनी वेज सूप तैयार कर सकती हैं। इस रेसिपी की खासियत है कि इसमें मैकरोनी के साथ कई तरह की मौसमी सब्जियां शामिल की जाती हैं। गर्मागर्म और स्वाद से भरपूर यह सूप बच्चों के साथ बड़ों को भी खूब पसंद आएगा।
मैकरोनी वेज सूप बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस टेस्टी और हेल्दी सूप को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए आधी कटोरी उबली हुई मैकरोनी, एक बारीक कटी गाजर, थोड़े मटर, बारीक कटी शिमला मिर्च, पत्ता गोभी, बीन्स, थोड़ा मक्खन, बारीक कटा लहसुन, टमाटर की प्यूरी, नमक और काली मिर्च पाउडर चाहिए। इसके अलावा सूप का स्वाद बढ़ाने के लिए कद्दूकस किया हुआ चीज भी रख सकती हैं।
इस आसान तरीके से तैयार करें मैकरोनी वेज सूप
पहला स्टेप: सबसे पहले एक पैन लें और उसमें थोड़ा मक्खन डालकर गर्म करें। अब इसमें बारीक कटा लहसुन डालें और हल्का सुनहरा होने तक भून लें।
दूसरा स्टेप: इसके बाद पैन में बारीक कटी गाजर, मटर, शिमला मिर्च, बीन्स और पत्ता गोभी डालें। सभी सब्जियों को हल्का-सा भून लें। ध्यान रखें कि सब्जियां ज्यादा न पकें, ताकि उनका हल्का क्रंच बना रहे।
तीसरा स्टेप: अब इसमें टमाटर की प्यूरी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद जरूरत के अनुसार पानी डालें और सूप को अच्छी तरह उबलने दें।
चौथा स्टेप: जब सूप में उबाल आ जाए, तो इसमें स्वादानुसार नमक और एक चुटकी काली मिर्च पाउडर डाल दें। अब पहले से उबालकर रखी हुई मैकरोनी इसमें मिला दें।
पांचवां स्टेप: सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक पकाएं, ताकि सब्जियों, टमाटर और मैकरोनी का स्वाद सूप में अच्छी तरह घुल जाए।
चीज डालकर बढ़ाएं स्वाद
बस तैयार है आपका स्वादिष्ट मैकरोनी वेज सूप। इसे एक सुंदर बाउल में निकालें और ऊपर से थोड़ा कद्दूकस किया हुआ चीज डालकर सजाएं। अब बच्चों को इसे गरमागरम सर्व करें।
बच्चों के लिए क्यों है यह खास रेसिपी?
मैकरोनी वेज सूप की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें बच्चों की पसंदीदा मैकरोनी के साथ कई तरह की मौसमी सब्जियां शामिल की जा सकती हैं। इससे बच्चों के खाने में सब्जियों को शामिल करना आसान हो सकता है। आप चाहें तो बच्चों की पसंद के अनुसार सब्जियों की मात्रा कम या ज्यादा भी कर सकती हैं।तो इस सर्दी रोजाना एक जैसा नाश्ता देने के बजाय बच्चों के लिए जरूर ट्राई करें यह मजेदार मैकरोनी वेज सूप। स्वाद और पोषण का यह कॉम्बिनेशन उनके विंटर मेन्यू में खास जगह बना सकता है।

No Previous Comments found.