सर्दियों में घर पर बनाएं हेल्दी च्यवनप्राश, बाजार के महंगे डिब्बे पर नहीं खर्च करने पड़ेंगे पैसे, जानें आसान रेसिपी

सर्दियों का मौसम शुरू होते ही सर्दी, जुकाम और खांसी जैसी समस्याओं का डर सताने लगता है। ऐसे में इम्युनिटी मजबूत रखने के लिए कई लोग च्यवनप्राश का सेवन करते हैं। लेकिन बाजार में मिलने वाले च्यवनप्राश के बजाय आप इसे घर पर भी आसानी से बना सकते हैं। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा महंगी सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। आंवला, गुड़ और कुछ देसी मसालों की मदद से आप घर पर च्यवनप्राश तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।

च्यवनप्राश बनाने के लिए जरूरी सामग्री

घर पर च्यवनप्राश बनाने के लिए आपको इन चीजों की जरूरत होगी:

1 किलो ताजा आंवला

750 ग्राम गुड़

3-4 बड़े चम्मच देसी घी

1 चम्मच सोंठ पाउडर

10-12 छोटी इलायची

1 चम्मच काली मिर्च

10-15 लौंग

2-3 छोटे टुकड़े दालचीनी

इस तरह बनाएं घर पर च्यवनप्राश

स्टेप 1: सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धो लें। इन्हें कुकर में थोड़ा पानी डालकर 2 सीटी आने तक उबाल लें। ठंडा होने पर इनके बीज निकालकर गूदे को मिक्सी में पीस लें।

स्टेप 2: अब इलायची, लौंग, काली मिर्च और दालचीनी को पीसकर बारीक मसाला तैयार कर लें।

स्टेप 3: एक भारी तले वाली कड़ाही में देसी घी गर्म करें। इसमें आंवले का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक भूनें।

स्टेप 4: जब पेस्ट का अतिरिक्त पानी सूखने लगे, तो इसमें गुड़ डाल दें। लगातार चलाते हुए पकाएं, ताकि गुड़ अच्छी तरह पिघलकर आंवले के पेस्ट में मिल जाए।

स्टेप 5: मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तो इसमें तैयार मसाला और सोंठ पाउडर डाल दें। करीब 2 मिनट पकाने के बाद गैस बंद कर दें।

कैसे करें स्टोर और सेवन?

तैयार च्यवनप्राश को पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद इसे साफ और सूखे एयरटाइट कांच के जार में भरकर रखें। इसका सेवन सीमित मात्रा में किया जा सकता है। बच्चों को देने से पहले उनकी उम्र और स्वास्थ्य के अनुसार डॉक्टर की सलाह जरूर लें। चाहें तो इसे गुनगुने दूध के साथ भी ले सकते हैं।

ध्यान दें: घर पर बना च्यवनप्राश पौष्टिक सामग्री से तैयार होता है, लेकिन यह सर्दी-जुकाम, खांसी या वायरल संक्रमण से बचाव की गारंटी नहीं देता। इसे संतुलित खानपान का एक हिस्सा मानें।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.