LANGUAGE

कांग्रेस का ‘संगठन सृजन’ अभियान जारी, कांग्रेस महासचिव ने बताई आगामी चुनावों की रणनीति.

उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक महीने तक चलने वाले ‘संगठन सृजन’ अभियान के बीच कांग्रेस को उम्मीद है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबला करने के लिए वह एक सम्मानजनक और उपयुक्त गठबंधन बना लेगी। कांग्रेस महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी अविनाश पांडे ने यह बात कही।

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस-समाजवादी पार्टी गठबंधन ने मजबूत प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने 17 सीट में से छह पर जीत हासिल की जबकि सपा 37 सीट पर विजयी रही। इसके कारण सबसे अधिक आबादी वाले राज्य में भाजपा की सीट संख्या 62 से घटाकर 33 रह गई। शायद इसीलिए अविनाश पांडे ने कहा कि पार्टी राज्यभर में जमीनी स्तर पर अपनी उपस्थिति को फिर से मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है, लेकिन पूरी संभावना है कि वह अगले दौर के चुनावों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए ‘इंडिया’ गुट के तहत एक ‘सम्मानजनक और उपयुक्त गठबंधन’ बनाने पर विचार करेगी।

संगठन सृजन अभियान चला रही कांग्रेस-

पांडे ने कहा कि फिलहाल पार्टी यूपी के सभी 75 जिलों में ‘संगठन सृजन’ अभियान चला रही है और पंचायत चुनावों की भी तैयारी कर रही है, जो 2027 के चुनावों से एक साल पहले यानी 2026 में होंगे। पांडे राज्य के सात दिवसीय दौरे पर हैं और जिला स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलकर प्रगति का आंकलन कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे हैं। 

भाजपा को मजबूत विपक्ष देने के लिए हमारा गठबंधन-

अविनाश पांडे ने कहा, वर्ष 2022 के राज्य विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। इसमें सपा ने अपनी सीट संख्या 47 से बढ़ाकर 111 कर ली, जबकि कांग्रेस सिर्फ दो सीट पर सिमट गई। गठबंधन की बात करें तो ‘इंडिया’ गठबंधन बहुत ज्यादा अस्तित्व में है, लेकिन जैसा कि आप जानते हैं, क्षेत्रीय दलों और राष्ट्रीय पार्टी के रूप में हमारा गठबंधन भाजपा को मजबूत विपक्ष देने के लिए एक साथ आया है। इसलिए हम अपने संगठन को मजबूत कर रहे हैं और इसी के चलते हम एक मजबूत गठबंधन के रूप में साथ आएंगे।

हमेशा प्रासंगिक रही है कांग्रेस पार्टी-

पांडे ने कहा कि संगठनात्मक मोर्चे पर पार्टी के संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस के पूर्ण अधिवेशन में पारित प्रस्ताव के बाद पांच स्तरों- राज्य, जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ पर अपने ढांचे का पुनर्निर्माण करना है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व और पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में चरणबद्ध तरीके से इसे अंजाम दिया जा रहा है। मौजूदा समय में यूपी में कांग्रेस की प्रासंगिकता पर पांडे ने कहा, मैं आपको बता दूं कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी है जिसने स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका निभाई है। यह हमेशा से बहुत प्रासंगिक रही है और वैचारिक रूप से आम भारतीय की मानसिकता के बहुत करीब रही है।

आगामी चुनावों में कांग्रेस अच्‍छा प्रदर्शन करेगी-

अविनाश पांडे ने कहा, यूपी में कांग्रेस राज्य स्तर से बूथ स्तर तक खुद को पुनर्गठित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया,पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह की भावना साफ देखी जा सकती है और मुझे विश्वास है कि कांग्रेस 2026 के पंचायत चुनाव, 2027 के विधानसभा चुनाव और 2029 के आम चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी। हमारा लक्ष्य जनता का विश्वास फिर से हासिल करना और उत्तर प्रदेश के लोगों की उम्मीदों के अनुरूप उनकी सेवा करना है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.