आकाशवाणी भवन में घुसे कार्यकर्ता हिरासत में, राहुल-प्रियंका और विपक्ष का प्रदर्शन जारी
नई दिल्ली में मंगलवार को INDIA ब्लॉक के मार्च के दौरान धारा 163 (BNSS) का उल्लंघन कर आकाशवाणी भवन में प्रवेश करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। चुनाव आयोग के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम और भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए यह कार्रवाई की गई।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ सांसदों को चुनाव आयोग कार्यालय जाने से रोके जाने के बाद, वे आकाशवाणी परिसर के पास ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में लोगों के एकत्र होने को अवैध करार दिया और सहयोग न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और अन्य विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार डर के कारण विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है। उन्होंने कहा कि देश का मुख्य विपक्षी नेता और सांसद सिर्फ चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपने और कुछ सवाल पूछने गए थे, लेकिन उन्हें बेरहमी से रोका गया और पुलिस ने कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
सीपीआई, सीपीएम और अन्य विपक्षी दलों के कई सांसदों व नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। वामपंथी और अन्य सहयोगी दलों के नेताओं ने साफ कर दिया है कि पुलिस की यह कार्रवाई या नजरबंदी उनके आंदोलन को नहीं रोक सकती, और वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेंद्र कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन और तेज करेंगे।

No Previous Comments found.