कम जगह में उगाएं हरा धनिया...जानिए आसान तरीका

बालकनी में थोड़ी सी जगह हो तो गमले में आसानी से ताजा हरा धनिया उगाया जा सकता है। इसके लिए बड़े गार्डन की जरूरत नहीं होती। एक चौड़ा गमला, अच्छी मिट्टी और थोड़ी देखभाल से शुरुआत करें। धनिया तेजी से बढ़ने वाला पौधा है, इसलिए इसे घर पर उगाना आसान है।

बीज और गमला ऐसे करें तैयार

अच्छी क्वालिटी के साबुत धनिया के बीज लें और उन्हें हल्के हाथ से दबाकर दो हिस्सों में अलग कर दें। करीब 6 से 8 इंच गहरा और चौड़ा गमला लें, जिसमें पानी निकासी के लिए छेद हों। भुरभुरी मिट्टी में वर्मीकम्पोस्ट या अच्छी तरह तैयार खाद मिलाकर गमला तैयार करें और ऊपर थोड़ी जगह खाली रखें।

बीज लगाने और पानी देने का तरीका

बीजों को मिट्टी पर बराबर दूरी पर फैलाकर ऊपर से हल्की मिट्टी डालें। पानी तेज धार से न दें, बल्कि स्प्रे बोतल से हल्का पानी करें। मिट्टी में नमी बनी रहे, लेकिन पानी जमा न हो। गमले को ऐसी जगह रखें जहां रोज कुछ घंटे धूप मिले, हालांकि छोटे पौधों को तेज दोपहर की धूप से बचाना बेहतर है।

पौधों की ऐसे करें देखभाल

सही मौसम और अच्छी क्वालिटी के बीज होने पर करीब एक से दो सप्ताह में पौधे निकलने लगते हैं। जब पौधे घने हो जाएं तो कमजोर या बहुत पास-पास उगे पौधों को हटा दें। जरूरत के अनुसार थोड़ी वर्मीकम्पोस्ट डाल सकते हैं। मिट्टी की ऊपरी सतह हल्की सूखने पर ही पानी दें।

30 से 45 दिन में मिलने लगेगा ताजा धनिया

आमतौर पर 30 से 45 दिनों में धनिया की पत्तियां इस्तेमाल के लायक हो जाती हैं। जरूरत के अनुसार ऊपर की पत्तियां और डंठल काटें और जड़ को मिट्टी में रहने दें, ताकि पौधा कुछ समय तक नई पत्तियां देता रहे। लंबे समय तक ताजा धनिया पाने के लिए 10 से 15 दिन के अंतर पर थोड़े-थोड़े बीज अलग-अलग गमलों में लगाते रहें।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.