BMW से भी महंगा ये तोता, ताकत ऐसी कि नारियल तोड़ दे!
अगर आपको लगता है कि सिर्फ लग्जरी कारें या महंगे डॉग्स ही करोड़ों में आते हैं, तो यह खबर आपकी सोच बदल सकती है. दुनिया में एक ऐसा तोता भी है जिसकी कीमत में आराम से एक शानदार BMW खरीदी जा सकती है. इस बेहद खास पक्षी का नाम है Hyacinth Macaw, जिसे दुनिया के सबसे महंगे तोतों में गिना जाता है.
इंटरनेशनल मार्केट में इसकी कीमत करीब 1.5 लाख डॉलर यानी लगभग 1.2 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है. भारत में भी विदेशी और दुर्लभ पक्षियों के शौकीनों के बीच इसकी डिमांड काफी ज्यादा है. कुछ खास ब्रीडर्स के पास इसकी कीमत 12 से 15 लाख रुपये तक बताई जाती है.
इस तोते की सबसे बड़ी पहचान इसका शानदार गहरा नीला रंग है. इसी वजह से इसे कई लोग “ब्लू डायमंड बर्ड” भी कहते हैं. करीब 3 फीट लंबा यह पक्षी दुनिया का सबसे बड़ा उड़ने वाला तोता माना जाता है. इसकी आंखों और चोंच के आसपास का पीला पैटर्न इसे और भी आकर्षक बनाता है.
सिर्फ खूबसूरती ही नहीं, इसकी ताकत भी लोगों को हैरान कर देती है. इसकी चोंच इतनी मजबूत होती है कि यह नारियल को बेहद आसानी से तोड़ सकता है. इसका पसंदीदा खाना नट्स, बीज, फल और नारियल होता है.
Hyacinth Macaw की उम्र भी इसे खास बनाती है. यह 50 से 80 साल तक जिंदा रह सकता है. यानी एक बार कोई इसे पाल ले तो यह कई पीढ़ियों तक परिवार का हिस्सा बना रह सकता है. साथ ही यह काफी बुद्धिमान भी होता है और अपने मालिक से भावनात्मक जुड़ाव बना लेता है.
यह दुर्लभ पक्षी मुख्य रूप से ब्राजील, बोलीविया और पैराग्वे के जंगलों में पाया जाता है. लेकिन जंगलों के कम होने और अवैध तस्करी की वजह से इसकी संख्या तेजी से घट रही है. यही कारण है कि इसे अंतरराष्ट्रीय संरक्षण सूची में भी शामिल किया गया है.
दुनिया में और भी कई महंगे तोते हैं, जिनमें Black Palm Cockatoo, Eclectus Parrot, African Grey Parrot और Spix's Macaw शामिल हैं. इनकी कीमत लाखों से लेकर करोड़ों तक पहुंच सकती है.
इन विदेशी तोतों की कीमत सिर्फ उनकी खूबसूरती की वजह से नहीं, बल्कि उनकी दुर्लभता, लंबी उम्र और तेज दिमाग के कारण भी इतनी ज्यादा होती है.


No Previous Comments found.