अब पति-पत्नी नहीं, 3-4 लोग भी बन सकेंगे कपल! अमेरिका के इस शहर का बड़ा फैसला
अब तक आपने पति-पत्नी या दो लोगों के प्यार की कहानियां सुनी होंगी, लेकिन जरा सोचिए अगर किसी रिश्ते में दो नहीं, बल्कि तीन या चार लोग हों और सरकार भी उनके रिश्ते को पहचान दे तो? सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन अमेरिका में ऐसा ही कुछ होने जा रहा है . कैलिफोर्निया के वेस्ट हॉलीवुड शहर ने रिश्तों को लेकर एक ऐसा फैसला लिया है, जिसने नई बहस छेड़ दी है। यहां अब तीन या उससे ज्यादा लोग आपसी सहमति से अपने रिश्ते को कानूनी तौर पर रजिस्टर करा सकेंगे। यानी अब सिर्फ दो लोगों की पार्टनरशिप ही नहीं, बल्कि पॉलीमोरस रिलेशनशिप को भी सरकारी पहचान मिल सकेगी। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, 3 नवंबर को वेस्ट हॉलीवुड की सिटी काउंसिल ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। इस प्रस्ताव को मेयर जॉन हेइलमैन ने आगे बढ़ाया था।
आखिर क्या है इस नए कानून का मतलब?
इस फैसले के बाद तीन या चार लोग, जो आपसी सहमति से एक रिश्ते में हैं, सिटी क्लर्क के ऑफिस में जाकर खुद को डोमेस्टिक पार्टनर के रूप में रजिस्टर करा सकते हैं।
यानी अब ऐसे रिश्तों को सिर्फ निजी मामला मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा, बल्कि उन्हें कुछ सीमित कानूनी अधिकार भी मिलेंगे।
पार्टनर को मिलेंगे कौन-कौन से अधिकार?
इस रजिस्ट्रेशन का सबसे बड़ा फायदा मुश्किल वक्त में देखने को मिलेगा।
मान लीजिए किसी एक पार्टनर की तबीयत बिगड़ जाती है और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ता है, तो उसके बाकी रजिस्टर्ड पार्टनर उससे मिलने का अधिकार पा सकेंगे। इतना ही नहीं, जेल में बंद पार्टनर से मुलाकात के मामले में भी उन्हें अधिकार मिलेंगे।
मकान को लेकर भी राहत दी गई है। अगर कई पार्टनर एक ही घर में साथ रहते हैं, तो मकान मालिक सिर्फ उनके रिश्ते में एक से ज्यादा लोगों के होने की वजह से उन्हें घर खाली करने के लिए मजबूर नहीं कर सकेगा।
हैरानी की बात यह है कि इस रजिस्ट्रेशन के लिए वेस्ट हॉलीवुड का निवासी होना भी जरूरी नहीं है। दूसरे शहरों में रहने वाले लोग भी यहां आकर अपना रिश्ता दर्ज करा सकते हैं।
क्या अब एक साथ कई शादियां कर सकेंगे लोग?
नहीं, इस फैसले का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि अमेरिका में अब तीन या चार लोगों की शादी को कानूनी मान्यता मिल गई है।
डोमेस्टिक पार्टनरशिप और शादी दोनों अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं। इस रजिस्ट्रेशन से विरासत, टैक्स में छूट और शादी से जुड़े सभी कानूनी फायदे अपने आप नहीं मिलेंगे। इसका मकसद ऐसे रिश्तों को कुछ खास परिस्थितियों में कानूनी पहचान और सुरक्षा देना है।
रजिस्ट्रेशन के लिए क्या हैं नियम?
इसके लिए सबसे जरूरी है कि रिश्ते में शामिल सभी लोगों की सहमति हो। किसी पर भी दबाव डालकर पार्टनरशिप रजिस्टर नहीं कराई जा सकती। इसके अलावा पार्टनर्स के बीच खून का रिश्ता नहीं होना चाहिए।
फैसले पर छिड़ी नई बहस
वेस्ट हॉलीवुड के इस फैसले ने रिश्तों की पारंपरिक परिभाषा पर एक बार फिर बहस शुरू कर दी है। कुछ लोग इसे अपनी पसंद से रिश्ता चुनने की आजादी मान रहे हैं, तो कुछ के मन में सवाल है कि क्या परिवार की परिभाषा अब बदलने वाली है?
वैसे, वेस्ट हॉलीवुड ऐसा कदम उठाने वाला अमेरिका का पहला शहर नहीं है। इससे पहले भी कुछ अमेरिकी शहर पॉलीमोरस रिश्तों को सीमित कानूनी पहचान दे चुके हैं।
फिलहाल इतना तय है कि इस फैसले ने एक नई चर्चा जरूर छेड़ दी है क्या अब प्यार और पार्टनरशिप को सिर्फ दो लोगों के रिश्ते तक सीमित करके देखा जाएगा?

No Previous Comments found.