आम जनता के साथ अब भाजपा नेताओं से पुलिस भी सुरक्षित नहीं

दंतेवाड़ा - जिले में कानून व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों के आचरण को लेकर सियासी माहौल गर्माता जा रहा है। महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष इंद्रा शर्मा ने भाजपा नेताओं पर लगातार कानून अपने हाथ में लेने,पद का दुरुपयोग करने और प्रशासनिक तंत्र को चुनौती देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में भाजपा जिला अध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज होने का मामला सामने आया था, वहीं अब जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम द्वारा पुलिस की फॉरेंसिक टीम से गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किए जाने की घटना सामने आई है,जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

इंद्रा शर्मा ने आरोप लगाया कि अरविंद कुंजाम लगातार अपने पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले कृत्य कर रहे हैं। कभी सड़क जाम कर आम लोगों को परेशान करना,कभी राहगीरों से विवाद करना और अब पुलिस टीम से ही दुर्व्यवहार करना यह दर्शाता है कि सत्ता के संरक्षण में भाजपा नेताओं के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि ही कानून का सम्मान नहीं करेंगे तो इससे आम जनता में गलत संदेश जाएगा और जिले की कानून व्यवस्था प्रभावित होगी।
उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा की जनता शांति,सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है,लेकिन किसी भी प्रकार की कथित गुंडागर्दी और दबंगई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

इंद्रा शर्मा ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम के खिलाफ कड़ी और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए,ताकि कानून का राज स्थापित हो सके और जनता का भरोसा बना रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पार्टी जल्द ही उग्र आंदोलन करेगी।

रिपोर्टर - ए आर कर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.