बस्तर में बड़ी सफलता: 108 माओवादी कैडरों ने किया आत्मसमर्पण, 3.29 करोड़ का था इनाम
दंतेवाड़ा : बस्तर संभाग में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) से जुड़े 108 माओवादी कैडरों ने बुधवार को आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। इन सभी पर मिलाकर लगभग 3 करोड़ 29 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से AK-47, INSAS, LMG, BGL सहित कुल 101 हथियार बरामद किए गए हैं। यह नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी कैडरों से करीब 3.61 करोड़ रुपये की नकदी तथा लगभग 1.64 करोड़ रुपये मूल्य का 1 किलोग्राम सोना भी बरामद किया गया है।
“पुनर्वास से पुनर्जनन” अभियान का असर
पुलिस के “पुनः मार्ग – पुनर्वास से पुनर्जनन” अभियान का प्रभाव लगातार देखने को मिल रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य में पिछले 26 महीनों में कुल 2714 माओवादी कैडर हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौट चुके हैं।
वहीं 1 जनवरी 2024 से 9 मार्च 2026 के बीच 2625 माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण किया है।
शीर्ष कैडरों ने भी छोड़ा नक्सल संगठन
आत्मसमर्पण करने वालों में संगठन के कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे सदस्य भी शामिल हैं, जिनमें
5 डिविजनल कमेटी सदस्य (DVCM)
15 पार्टी कमेटी सदस्य (PPCM)
21 एरिया कमेटी सदस्य (ACM)
63 अन्य सदस्य शामिल हैं।
इन सभी पर मिलाकर लगभग 3.29 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
101 हथियार बरामद
माओवादियों की निशानदेही पर बरामद हथियारों में प्रमुख रूप से
6 AK-47 राइफल
1 AK-47 TAR
10 INSAS राइफल
5 SLR राइफल
2 LMG
20 .303 राइफल
25 12 बोर राइफल
11 BGL लांचर
1 मोर्टार
13 भरमार राइफल सहित अन्य हथियार शामिल हैं।
जिलों से बरामद हथियार
बरामद हथियारों में नारायणपुर से 49,बस्तर से 24,सुकमा से 12,बीजापुर से 9,दंतेवाड़ा से 5,कांकेर से 2 हथियार शामिल हैं।
सरकार देगी पुनर्वास और रोजगार
पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी कैडरों को राज्य सरकार की नीति के अनुसार आर्थिक सहायता, कौशल प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।
अधिकारियों का कहना है कि इस सामूहिक आत्मसमर्पण से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास को और मजबूती मिलेगी तथा बस्तर में नक्सल संगठन की गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा

No Previous Comments found.