बेरोजगार युवाओं एनएमडीसी भर्ती को लेकर संयुक्त पंचायत की बड़ी बैठक
दंतेवाड़ा : एनएमडीसी में लंबित भर्ती प्रक्रिया को लेकर क्षेत्र में बढ़ती नाराजगी के बीच बड़े बचेली पंचायत के मातागुड़ी परिसर में संयुक्त पंचायत के तत्वाधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दिलाने और L1 व L2 श्रेणी की भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी पर गंभीर चर्चा की गई। बैठक में सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष सुरेश कर्मा,संरक्षक बल्लू भवानी,जिला पंचायत सदस्य तूलिका कर्मा,पूर्व विधायक मनीष कुंजाम,विधिक सलाहकार सत्यनारायण कर्मा,सोमारु कड़ती, सरपंच गोविन्द कुंजाम,सरपंच करण तामो,जितेंद्र सोरी,मुकेश कर्मा,छन्नु मिडियामी, बलराम भास्कर, सुजीत कर्मा, बारसा जी सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और पंचायत प्रतिनिधि सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय बेरोजगार युवक मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि इससे पहले जब एनएमडीसी में L1 और L2 पदों के लिए वैकेंसी निकली थी, तब स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर आंदोलन और हड़ताल तक करनी पड़ी थी। उस दौरान जिला प्रशासन और एनएमडीसी प्रबंधन की मध्यस्थता में यह आश्वासन दिया गया था कि वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण यानी मार्च महीने में भर्ती प्रक्रिया के तहत फिर से वैकेंसी जारी की जाएगी।
इसी आश्वासन के मद्देनज़र संयुक्त पंचायत की बैठक बुलाई गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संयुक्त पंचायत और एनएमडीसी प्रबंधन के बीच एक सप्ताह के भीतर बैठक आयोजित कर भर्ती प्रक्रिया और संभावित वैकेंसी से संबंधित विस्तृत जानकारी ली जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रस्तावित बैठक के बाद 15 दिनों के भीतर इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब और ठोस निष्कर्ष सामने लाया जाएगा। यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो संयुक्त पंचायत आगे की रणनीति बनाते हुए आंदोलन सहित अन्य कदम उठाने पर बाध्य होगी।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दिलाने के लिए संयुक्त पंचायत लगातार प्रयास करती रहेगी। वहीं एनएमडीसी की भर्ती प्रक्रिया में हो रही लेटलतिफी को लेकर युवाओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा

No Previous Comments found.