छू लो आसमान बालूद के विद्यार्थियों ने रचा सफलता का नया कीर्तिमान

दंतेवाड़ा - जिले में संचालित “छू लो आसमान” बालूद के विद्यार्थियों ने वर्ष 2026 में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा एवं संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई मुख्य) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल संस्था बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। इस क्रम में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में संस्था के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल की। यहां विवेक कुमार राणा ने 580 अंक (96.67 प्रतिशत) प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान, हडमो कवासी ने 571 अंक (95.17 प्रतिशत) के साथ तृतीय स्थान, मोटू टाटी ने 570 अंक (95.00 प्रतिशत) के साथ चतुर्थ स्थान हासिल किया। इसके अलावा ज्ञानेंद्र कुमार साहू एवं शंकर लाल पोडियम ने 564-564 अंक (94.00 प्रतिशत) प्राप्त कर संयुक्त रूप से षष्ठम स्थान प्राप्त किया, जबकि नमन कुमार सिन्हा ने 557 अंक (92.83 प्रतिशत) के साथ जिले में नवम स्थान हासिल किया। यहां सभी विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता अर्जित की है, जो संस्था के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं अनुशासित वातावरण को दर्शाता है।

इसी प्रकार संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई मुख्य) 2026 में भी संस्था के विद्यार्थियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया है। इस क्रम में गौरव मरकाम ने 83.390 प्रतिशत, ईशांत ने 78.072 प्रतिशत तथा रोशन कुमार मुचाकी ने 70.011 प्रतिशत प्राप्त किया है। इन विद्यार्थियों का राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (एनआईटी) में चयन लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है, जो संस्था के लिए गर्व का विषय है। इन उल्लेखनीय उपलब्धियों पर जिले के कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक ने सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
संस्था के अधीक्षक  राजा पॉल एवं प्रभारी अधिकारी श्री वी.एस. टाटी ने बताया कि “छू लो आसमान” जिला प्रशासन की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके अंतर्गत ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवासीय सुविधा, मार्गदर्शन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। नियमित कक्षाएं, परीक्षण श्रृंखला, संदेह समाधान एवं अनुशासित अध्ययन वातावरण संस्था की प्रमुख विशेषताएं हैं, जिनके कारण इस प्रकार के उत्कृष्ट परिणाम संभव हो पाए हैं। अंत में संस्था परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दी हैं।

रिपोर्टर - ए आर कर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.