बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के तहत फूलनार में तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित
दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल “बस्तर मुन्ने” कार्यक्रम के अंतर्गत बस्तर विकासखंड के ग्राम पंचायत फूलनार में 04 मई 2026 से 06 मई 2026 तक तीन दिवसीय विशेष जनसमस्या निवारण एवं जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ गांव स्तर पर ही उपलब्ध कराना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना रहा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण करते हुए आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। शिविर के दौरान ग्रामीणों में शासन की योजनाओं के प्रति विशेष उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली।
कार्यक्रम के अंतर्गत सामाजिक एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से कुल 142 परिवारों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इसके अलावा किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु 103 परिवारों का किसान क्रेडिट कार्ड बनाया गया, जिससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए आसान ऋण सुविधा प्राप्त हो सकेगी। खाद-बीज, कृषि उपकरण एवं अन्य आवश्यक कार्यों में भी इसका लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों को खाद्य सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 71 परिवारों को राशन कार्ड प्रदान किए गए। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में 104 परिवारों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जिससे पात्र हितग्राहियों को शासन द्वारा निर्धारित अस्पतालों में निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
शिविर के दौरान डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देते हुए ई-केवाईसी एवं आधार संबंधी कार्य भी किए गए। इस दौरान कुल 36 लोगों के ई-केवाईसी एवं आधार अपडेट संबंधी कार्य पूर्ण किए गए, जिससे ग्रामीणों को भविष्य में विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।
राजस्व विभाग द्वारा भी शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाई गई। विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों के दस्तावेजों का परीक्षण कर मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी किए गए। इस दौरान 53 जाति प्रमाण पत्र, 53 निवास प्रमाण पत्र एवं 77 आय प्रमाण पत्र वितरित किए गए। ग्रामीणों ने गांव स्तर पर ही राजस्व संबंधी सेवाएं मिलने पर खुशी व्यक्त की।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीणों ने शासन द्वारा आयोजित इस विशेष शिविर की सराहना करते हुए कहा कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं एवं दस्तावेजों के लिए दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब गांव में ही सभी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने “बस्तर मुन्ने” कार्यक्रम को ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं जनहितकारी पहल बताया।
रिपोर्टर : जी एल मरावी

No Previous Comments found.