30 साल का इंतजार खत्म: पीना बचेली नाले पर पुलिया निर्माण शुरू,हर बारिश में थम जाती थी जिंदगी
बचेली : दंतेवाड़ा जिले के बचेली-नकुलनार मुख्य मार्ग पर स्थित पीना बचेली नाले में आखिरकार पुलिया निर्माण कार्य शुरू हो गया है। बचेली से करीब चार किलोमीटर दूर स्थित इस नाले पर पुलिया नहीं होने के कारण क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों को हर बारिश में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। करीब तीन दशक से ग्रामीण लगातार पुलिया निर्माण की मांग कर रहे थे।
क्षेत्रीय पत्रकार ए आर कर्मा द्वारा इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों तक मामला पहुंचाया गया, जिसके बाद अब निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि इस बार मानसून में उन्हें राहत मिलेगी और वर्षों पुरानी समस्या से निजात मिलेगी।
बारिश में 4 महीने तक कट जाता था संपर्क
स्थानीय लोगों के अनुसार मानसून शुरू होते ही पीना बचेली नाला उफान पर आ जाता है। नाले में 3 से 4 फीट तक पानी भर जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इसके चलते बड़े बचेली, दुगेली, खुटेपाल, श्यामगिरी, नकुलनार, किरंदुल और भांसी क्षेत्र सहित करीब 20 हजार आबादी का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट जाता था। कई बार यह स्थिति लगातार 3 से 4 महीनों तक बनी रहती थी।
स्कूली बच्चों से लेकर मरीजों तक सब परेशान
पुलिया नहीं होने का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ता था। बारिश के दिनों में बच्चे महीनों स्कूल नहीं जा पाते थे, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती थी। वहीं गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को दंतेवाड़ा पहुंचने के लिए करीब 15 किलोमीटर लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ता था। कई बार रास्ते में ही हालात गंभीर हो जाते थे।
एनएमडीसी कर्मचारियों और व्यापार पर भी असर
बचेली और किरंदुल क्षेत्र में कार्यरत एनएमडीसी के 500 से अधिक कर्मचारी एवं शिक्षक भी बारिश के दौरान ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाते थे। दूसरी ओर सब्जी, दूध और राशन जैसी जरूरी वस्तुओं की सप्लाई बाधित होने से स्थानीय बाजारों में महंगाई बढ़ जाती थी।
ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि इस साल बारिश में उन्हें राहत मिलेगी और क्षेत्र का संपर्क लगातार बना रहेगा।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा

No Previous Comments found.