साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक सम्पन्न

दंतेवाड़ा : कलेक्ट्रेट कार्यालय के तृतीय तल सभाकक्ष में कलेक्टर  देवेश  कुमार की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आहूत की गई। बैठक में आगामी मानसून वर्ष 2026 के संदर्भ में प्राकृतिक आपदा से बचाव एवं राहत व्यवस्था के कार्ययोजना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई इसके अनुसार अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति में निगरानी रखने एवं बचाव तथा राहत कार्य के लिये जिला मुख्यालय तथा सभी तहसील मुख्यालय में बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना किए जाने, स्थापित कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने, तहसील में हुई प्रतिदिन की वर्षा तथा अतिवृष्टि, बाढ़ से हुई क्षति की जानकारी जिला कंट्रोल रूम में देने, जिले की सभी वर्षा मापक केन्द्रों में वर्षा मापक यंत्रो की स्थापना करने के संबंध में समस्त तहसीलदार जिला कार्यालय, भू-अभिलेख शाखा को विशेष निर्देश दिए गए।  

इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर सूचना केन्द्र की स्थापना, बायोटायलेट की व्यवस्था साफ, सफाई, राहत शिविरों, ग्रामों में शुद्ध पानी की व्यवस्था, बाढ़, प्रभावित ग्रामों में बिजली की आपूर्ति,विभिन्न नदी नालों एवं बांध के जल स्तर की रिपोर्टिंग, सड़क पुल पुलियों में साईन बोर्ड, चिकित्सीय तैयारी,खाद्य सामग्रियों की व्यवस्था, आवश्यक व्यवस्था, मुख्यालय में उपस्थिति, रोजगार मूलक कार्यों की स्वीकृति, नाव, मोटरबोट एवं गोताखोरों की व्यवस्था,पोर्टेबल डायविंग पंप एवं यू-हुक प्रणाली व्यवस्था, असुरक्षित पेड़ो की व्यवस्था के संबंध में भी कलेक्टर द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारियों को आगामी बैठक में कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।
 इसके साथ ही बैठक में माननीय उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरण, मुख्यमंत्री जनदर्शन, सचिवालय, जन शिकायत, ईसमाधान,  जनदर्शन  , सुशासन तिहार के अन्तर्गत विभागों को प्राप्त आवेदनों के प्रभावी निराकरण, साथ ही “बस्तर मुन्ने (अग्रणी बस्तर)” कार्यक्रम की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें पात्र हितग्राहियों की पहचान, लंबित प्रकरणों के निराकरण एवं योजनाओं के पूर्ण सेचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश एवं आगामी बैठक में पुनः जानकारी लेने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर  राजेश पात्रे सहित सभी विभाग के विभागीय प्रमुख उपस्थित थे।

रिपोर्टर : ए आर कर्मा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.