मोटर सायकल चोरी के प्रकरण में गीदम पुलिस को बड़ी सफलता
दंतेवाड़ा - दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में अपराधों की रोकथाम एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन के मार्गदर्शन, एसडीओपी बारसूर गोविंद दीवान के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी गीदम निरीक्षक अमित बेरिया के नेतृत्व में गीदम पुलिस को मोटर सायकल चोरी के प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई दो मोटर सायकल बरामद की हैं। प्रार्थी द्वारा थाना गीदम में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी मोटर सायकल क्रमांक CG-05-R-0568 तथा उसके गैरेज में मरम्मत हेतु आई मोटर सायकल क्रमांक CG-18-EN-1935, जो हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर जावंगा के पास खड़ी थीं, अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर ली गई हैं। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गीदम में अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना गीदम पुलिस द्वारा त्वरित जांच प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य संकलित तथ्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी राम मरावी (उम्र 27 वर्ष), निवासी तोड़ापारा, ईरपानार, जिला कोंडागांव एवं राम रवानी (उम्र 19 वर्ष), निवासी जावंगा, थाना गीदम, जिला दंतेवाड़ा ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उक्त मोटर सायकलों की चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के निशानदेही पर उनके कब्जे से चोरी गई दोनों मोटर सायकल क्रमांक CG-18-EN-1935 एवं CG-05-R-0568 बरामद कर विधिवत जप्त की गई। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है। गीदम पुलिस द्वारा प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी विवेचना कर चोरी गए वाहनों की बरामदगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश एवं आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।
आरक्षक क्रमांक 850 बालचंद गाव दंतेवाड़ा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें, आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर दें। नागरिकों के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।
रिपोर्टर - ए आर कर्मा
No Previous Comments found.