बरसात में बना मुसीबत का रास्ता, पीना-बचेली में पुलिया निर्माण ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
दंतेवाड़ा : ठेकेदार और विभागीय लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे ग्रामीण, डाइवर्शन में फंस रहे वाहन बचेली। बचेली-नकुलनार मुख्य मार्ग पर स्थित पीना-बचेली में चल रहे पुलिया निर्माण कार्य ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लोक निर्माण विभाग (PWD) और निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण बरसात के मौसम में बनाया गया डाइवर्शन अब लोगों के लिए संकट का कारण बन गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया निर्माण कार्य बरसात शुरू होने से पहले पूरा किया जाना चाहिए था, अथवा बारिश समाप्त होने के बाद कार्य प्रारंभ किया जाना चाहिए था। लेकिन विभागीय उदासीनता और ठेकेदार की धीमी कार्यप्रणाली के चलते अब सैकड़ों राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के कारण डाइवर्शन की सड़क दलदली हो गई है, जिससे भारी वाहन बार-बार फंस रहे हैं। वाहनों के फंसने से यातायात बाधित हो रहा है और दोनों ओर लंबी कतारें लग रही हैं। यह मार्ग बचेली, नकुलनार और आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही पहले भी हादसे का कारण बन चुकी है। कुछ समय पूर्व सड़क की खराब स्थिति के कारण एक ग्रामीण गंभीर दुर्घटना का शिकार हुआ था, जिसमें उसके दोनों हाथ टूट गए थे। इसके बावजूद निर्माण एजेंसी और विभाग ने सुरक्षा एवं वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, डाइवर्शन को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए तथा बरसात के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा
No Previous Comments found.