विश्व योग दिवस पर इंडोर स्टेडियम में हुआ भव्य सामूहिक योगाभ्यास

दंतेवाड़ा : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित इंडोर स्टेडियम में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही, जबकि मय भारत केंद्र, दंतेवाड़ा द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से “योगा 365” की अवधारणा को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर वर्ष के 365 दिनों तक दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक  चैतराम अटामी रहे। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष  नंदलाल मुड़ामी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
मुख्य अतिथि विधायक श्री चैतराम अटामी ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो व्यक्ति के शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली, तनाव और विभिन्न स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी माध्यम के रूप में उभरा है। नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है। उन्होंने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा समाज को नशे की प्रवृत्ति से मुक्त बनाने के उद्देश्य से सामूहिक रूप से नशामुक्ति का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक  गौरव राय, डीएफओ  रामकृष्णा रंगानाथा वाय, अपर कलेक्टर  राजेश पात्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  आर.के. बर्मन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस एवं नगर सेना के जवान, विद्यार्थी, युवा एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने योग, स्वास्थ्य, सकारात्मक जीवनशैली एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावी संदेश दिया।

रिपोर्टर : ए आर कर्मा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.