पुलिया-सड़क निर्माण में लापरवाही, बरसात में दोपहिया चालकों की बढ़ी मुश्किलें
दंतेवाड़ा : पुलिया एवं सड़क निर्माण कार्य में कथित लापरवाही का खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। बरसात शुरू होते ही अधूरे निर्माण और खराब सड़क के कारण दोपहिया वाहन चालकों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया, जिसके चलते रोजाना दुर्घटना की आशंका बनी हुई है और कई छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं।
मामले को लेकर जब लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा गया तो वे स्पष्ट जानकारी देने से बचते नजर आए। सवालों के संतोषजनक जवाब देने के बजाय अधिकारी कैमरे और मीडिया से आंखें चुराते दिखाई दिए, जिससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बरसात से पहले निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाता तो आज लोगों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़क और पुलिया का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की है, ताकि आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा
No Previous Comments found.