एनएमडीसी बैलाडीला कबड्डी लीग: हिरोली ने कलेपाल को 33 अंकों से हराया, फाइनल में दुगेली से होगी भिड़ंत

बचेली : एनएमडीसी के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत आयोजित बैलाडीला कबड्डी लीग सीजन-1 के दूसरे सेमीफाइनल में ग्राम पंचायत हिरोली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्राम पंचायत कलेपाल को 33 अंकों के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

रविवार को बचेली हॉकी मैदान में खेले गए मुकाबले में हिरोली की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मजबूत रेड और सटीक डिफेंस के दम पर टीम ने पूरे मैच में कलेपाल पर दबदबा बनाए रखा और एकतरफा मुकाबले में 33 अंकों से जीत दर्ज की।
इससे पहले पहले सेमीफाइनल में ग्राम पंचायत दुगेली ने गामावाड़ा को पराजित कर फाइनल का टिकट हासिल किया था। अब खिताब के लिए हिरोली और दुगेली की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एवं पुरस्कार वितरण समारोह आज शाम 5 बजे एनएमडीसी टाउनशिप स्थित हॉकी मैदान, बचेली में आयोजित होगा। समारोह में एनएमडीसी के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों के उपस्थित रहने की संभावना है।

रिपोर्टर : ए आर कर्मा
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.