हिरोली बनी एनएमडीसी बैलाडीला कबड्डी लीग सीजन-1 की चैंपियन

बचेली : नवरत्न कंपनी एनएमडीसी द्वारा अपने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत आयोजित चार दिवसीय बैलाडीला कबड्डी लीग सीजन-1 का रविवार को एनएमडीसी टाउनशिप बचेली के हॉकी मैदान में भव्य समापन हुआ। 

फाइनल मुकाबले में ग्राम पंचायत हिरोली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दुगेली को 32-21 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।

तीसरे स्थान के मुकाबले में ग्राम पंचायत कलेपाल ने गामावाड़ा को 68-23 के बड़े अंतर से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि गामावाड़ा चौथे स्थान पर रही।

विजेताओं को ₹2 लाख का नगद पुरस्कार
एनएमडीसी ने विजेता टीम हिरोली को ₹2 लाख, उपविजेता दुगेली को ₹1.50 लाख, तृतीय स्थान प्राप्त कलेपाल को ₹1 लाख तथा चौथे स्थान पर रही गामावाड़ा को ₹75 हजार का पुरस्कार प्रदान किया। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी अन्य 20 टीमों को भी ₹50-50 हजार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई। आयोजन में सहयोग के लिए सभी 24 ग्राम पंचायतों के सरपंचों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

व्यक्तिगत पुरस्कार
व्यक्तिगत पुरस्कारों में लच्छू कुंजाम (हिरोली) को मैन ऑफ द सीरीज, राकेश कुमार (दुगेली) को बेस्ट रेडर तथा सोनू मंडावी (कलेपाल) को बेस्ट डिफेंडर चुना गया।

अधिकारी-जन मौजूद रहें 
समापन समारोह में मुख्य अतिथि तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। 

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बधाई दी और आयोजन की सफलता के लिए रेफरी एवं मैच अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। आर.के. बर्मन ने एनएमडीसी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एनएमडीसी की ओर से महाप्रबंधक (विद्युत) एच.के. गुणावत ने स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कंपनी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी, जबकि महाप्रबंधक (सामग्री) बी. साम्या ने आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर , किरंदुल एवं बचेली क्षेत्र की 24 ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, एनएमडीसी के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

समापन समारोह में विजेता, उपविजेता एवं अन्य टीमों को ट्रॉफी, पदक और पुरस्कार प्रदान किए गए। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता ने बैलाडीला क्षेत्र की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराया। एनएमडीसी ने भविष्य में भी ग्रामीण युवाओं को खेलों के माध्यम से प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

रिपोर्टर : ए. आर. कर्मा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.