भारी वर्षा और भू-स्खलन के चलते अरनपुर-जगरगुंडा मार्ग आवागमन के लिए प्रतिबंधित जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश

दंतेवाड़ा : बड़े बचेली अनुभाग अंतर्गत अरनपुर-जगरगुंडा घाटी मार्ग पर लगातार हो रही भारी वर्षा और भू-स्खलन की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन मार्ग को आगामी 48 घंटे तथा वर्षा अवधि तक आवागमन के लिए प्रतिबंधित कर दिया है।

जिला कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसीलदार बचेली एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एसडीओ ने संबंधित स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण में यह जानकारी सामने आई कि 28 जुलाई 2026 की रात्रि उक्त क्षेत्र में लैंडस्लाइड हुआ था। लगभग छह घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को अस्थायी रूप से बहाल कर यातायात योग्य बनाया गया।

हालांकि, मौके पर पुनः निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पहाड़ी से पानी के साथ लगातार मिट्टी का रिसाव जारी है, जिससे किसी भी समय दोबारा भू-स्खलन होने की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा घाटी के अन्य हिस्सों में भी पेड़ों के गिरने, भू-स्खलन तथा तेज जल बहाव के कारण सड़क के किनारे का हिस्सा अंदर से खोखला और क्षतिग्रस्त हो चुका है।

यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने अरनपुर-जगरगुंडा मार्ग पर अगले 48 घंटे तथा वर्षा अवधि तक सभी प्रकार के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंध अवधि के दौरान इस मार्ग का उपयोग न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

रिपोर्टर : ए. आर. कर्मा

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.