"वर्दी पर दाग! बचेली में नशे में धुत पुलिसकर्मियों पर मारपीट और वसूली का आरोप, भीम आर्मी का विरोध"

 दंतेवाड़ा : पुलिस की पेट्रोलिंग को लेकर बचेली में एक गंभीर विवाद सामने आया है। एक बोरवेल संचालक ने गश्ती दल के दो पुलिसकर्मियों पर मारपीट और 'खर्चा-पानी' के नाम पर पैसों की मांग करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। भीम आर्मी ने थाना पहुंचकर आरोपी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित भीम आर्मी के सदस्य लच्छू राम उर्सा*, निवासी बीजापुर ने बताया कि बीती रात वह मुख्य मार्ग स्थित एक मकान में बोरवेल का काम पूरा कर मजदूरों के साथ भोजन कर रहा था। इसी दौरान पुलिस का गश्ती वाहन वहां पहुंचा। आरोप है कि गश्ती दल में शामिल आरक्षक अनिल भुआर्या और प्रधान आरक्षक मैतूराम कोराम ने 'खर्चा-पानी' के नाम पर रुपये मांगे। इनकार करने पर अनिल भुआर्या ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और थप्पड़ों से उसे जमीन पर गिरा दिया।

घटना के दौरान मकान मालिक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और वीडियो बनाने लगे। आरोप है कि वीडियो बना रहे एक युवक के साथ भी पुलिसकर्मी ने धक्का-मुक्की की। इसके बाद पुलिस दल मौके से चला गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित से मुलाकात की। इसके बाद कार्यकर्ता पीड़ित के साथ बचेली थाने पहुंचे और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

*भीम आर्मी के जिला संगठन मंत्री गजेंद्र ताती*एवं  जिला अध्यक्ष रामदयाल  भास्कर उपाध्यक्ष आशा राम कर्मा ने कहा, "अगर जनता की रक्षा करने वाली पुलिस ही अत्याचार करेगी तो कानून व्यवस्था से लोगों का विश्वास उठ जाएगा। दोषियों को तत्काल निलंबित और बर्खास्त किया जाए। मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।"

एसडीओपी ने कहा, "पीड़ित का आवेदन मिल गया है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों पर विभागीय कार्रवाई होगी। पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए है।"

अब सवाल यही है कि वर्दी की आड़ में गुंडागर्दी करने वालों पर कार्रवाई होगी, या मामला जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

रिपोर्टर : ए आर कर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.