डीएवी स्कूल में बचेली पुलिस का जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को साइबर अपराध से बचने के दिए
दंतेवाड़ा : पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार बर्मन, जितेन्द्र खुंटे एवं एसडीओपी कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में थाना बचेली पुलिस द्वारा जन-जागरूकता एवं अपराध नियंत्रण के लिए व्यापक अभियान चलाया गया।
इसी कड़ी में डीएवी पब्लिक स्कूल, बचेली में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव, यातायात नियमों का पालन और नशा मुक्ति के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या ओटीपी साझा न करें। साथ ही दोपहिया में हेलमेट, चारपहिया में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने और नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन जीने की समझाइश दी गई।
इसके बाद स्कूलों में छात्र-छात्राओं के आवागमन के लिए चलने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट और चालक के लाइसेंस की जांच की गई। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई भी की गई। चालकों को बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में थाना बचेली में मकान मालिकों की बैठक ली गई। उन्हें किरायेदारों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। मकान मालिकों से कहा गया कि बिना सत्यापन के किसी को किराये पर न दें, किरायेदारों के दस्तावेज सुरक्षित रखें, जानकारी "समाधान एप" में अपडेट करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी अर्जुन पटेल, निरीक्षक राम अवतार पटेल, उप निरीक्षक लोचन प्रसाद पैंकरा के साथ स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
बचेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे साइबर अपराध, नशा, यातायात उल्लंघन और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सुरक्षित समाज बनाने में सहयोग करें।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा
No Previous Comments found.