एसपी चंद्र मोहन सिंह ने पत्रकारों से की पहली परिचय बैठक

 दंतेवाड़ा : जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक  चंद्र मोहन सिंह ने मंगलवार को जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के पत्रकारों के साथ परिचय एवं संवाद बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, सूचना के आदान-प्रदान को मजबूत बनाना तथा जिले में कानून-व्यवस्था और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग सुनिश्चित करना रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक  चंद्र मोहन  सिंह ने कहा कि दंतेवाड़ा जैसे संवेदनशील जिले में शांति, सुरक्षा और आपसी विश्वास बनाए रखना केवल पुलिस की ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक और मीडिया की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और समाज तक सही, तथ्यात्मक तथा संतुलित जानकारी पहुंचाने में उसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि किसी भी घटना के संबंध में तथ्यात्मक और निष्पक्ष रिपोर्टिंग करें तथा अपुष्ट या भ्रामक जानकारी के प्रसार से बचें। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, नक्सल उन्मूलन, साइबर अपराध जागरूकता, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति अभियान और अन्य जनहित कार्यक्रमों में मीडिया का सहयोग पुलिस के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।
एसपी ने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी प्राप्त होती है, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाई जाए ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन जनता और मीडिया के साथ पारदर्शी तथा सकारात्मक संवाद बनाए रखेगा।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने भी अपने सुझाव और अनुभव साझा किए तथा आश्वस्त किया कि वे निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ-साथ जिले में शांति, विकास और जनहित के कार्यों में प्रशासन का रचनात्मक सहयोग करते रहेंगे।

रिपोर्टर : ए. आर. कर्मा

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.