आस्था विद्या मंदिर जावंगा में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 2026 पर इसरो आउटरीच कार्यक्रम का भव्य आयोजन
दंतेवाड़ा/गीदम : राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 2026 के अवसर पर गीदम विकासखंड के एजुकेशन सिटी जावंगा स्थित आस्था विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल में जिला स्तरीय इसरो आउटरीच कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के रीजनल रिमोट सेंसिंग सेंटर, नागपुर (महाराष्ट्र) के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर रायपुर, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (सीकॉस्ट), स्कूल शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन दंतेवाड़ा के संयुक्त सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में वैज्ञानिक व्याख्यान, सैटेलाइट एवं रॉकेट मॉडल प्रदर्शनी, पोस्टर प्रदर्शनी, चित्रकला प्रतियोगिता तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसरो के रीजनल रिमोट सेंसिंग सेंटर, नागपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आनंद अरूर ने भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम, उपग्रहों की उपयोगिता तथा रॉकेट प्रक्षेपण मिशनों पर पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को रोचक एवं प्रेरणादायक जानकारी दी। वहीं, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीकॉस्ट) के वैज्ञानिक डॉ. एम. के. बैग ने नवाचार, वैज्ञानिक सोच और विज्ञान आधारित विकास की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर तथा जिला मिशन समन्वयक हरीश प्रताप गौतम ने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी की वैज्ञानिक सोच ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में गुज्जो रवीना (कन्या शिक्षा परिसर जावंगा) ने प्रथम, अमित कुंजाम (आस्था विद्या मंदिर जावंगा) ने द्वितीय तथा इंद्रजीत चंदेल (सेजेस करली) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में नैतिक सिंह (सेजेस करली) प्रथम, दीक्षा नेताम (सेजेस गीदम) द्वितीय तथा अमन प्रसाद भूआर्य (आस्था विद्या मंदिर जावंगा) तृतीय स्थान पर रहे।
रिपोर्टर : ए. आर. कर्मा
No Previous Comments found.