हर घर तिरंगा अभियान के तहत दुगेली माडका पारा में निकली जागरूकता रैली

 दंतेवाड़ा : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ग्राम पंचायत दुगेली माडका पारा में देशभक्ति एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत के सचिव प्रियंका दीवान, सरपंच विजय कर्मा, सहायक सचिव मनोज कर्मा, पंचगण, ग्रामीणों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और बच्चों द्वारा हाथों में तिरंगा लेकर करीब दो किलोमीटर की जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल लोगों ने “हर घर तिरंगा” सहित देशभक्ति के नारे लगाते हुए ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया।
रैली के माध्यम से ग्रामीणों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। बच्चों एवं ग्रामीणों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे रैली मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और एकता की भावना को व्यक्त करने का अवसर है। सभी ग्रामीणों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने देश की एकता, अखंडता और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। रैली में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं बच्चे शामिल रहे।

रिपोर्टर : ए.आर. कर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.