जादू-टोना के शक में बुजुर्ग की हत्या करने वाले 03 आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए

दंतेवाड़ा : पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा  चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  जितेंद्र कुमार खूंटे एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती आकांक्षा सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गीदम के नेतृत्व में थाना गीदम पुलिस ने हत्या के एक गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दिनांक 09.09.2026 को ग्राम समलूर, उईकापारा निवासी सुखराम सोढ़ी, उम्र लगभग 65 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई। मृतक के चेहरे, गाल, कान एवं माथे पर चोट के निशान पाए गए थे। सूचना पर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच एवं पंचनामा कार्रवाई की गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की मृत्यु कठोर एवं कुंद वस्तु से चोट पहुंचाए जाने के कारण होना पाए जाने पर थाना गीदम में अपराध क्रमांक 76/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि मृतक पर कथित रूप से जादू-टोना करने का संदेह था, जिसे लेकर आरोपियों में उसके प्रति नाराजगी थी। इसी कारण आरोपियों द्वारा उसकी हत्या की योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेहियों से पूछताछ की, जिसमें तीनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी—

1. धनीराम भोगामी उर्फ मोटू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम समलूर।
2. बिनेश सोढ़ी उर्फ बीनू, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम समलूर।
3. मंगतू सोढ़ी, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम समलूर।

तीनों आरोपियों को दिनांक 11.09.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय दंतेवाड़ा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक शशिकांत यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक बिहारी राम, सहायक उप निरीक्षक प्रशांत सिंह, प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह, प्रधान आरक्षक विनोद मंडावी, आरक्षक बालचंद गावड़े एवं आरक्षक चंद्रमाला मोजेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर : ए आर कर्मा 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.