प्रवासित परिवारों का सर्वे कर वापसी की इच्छा और पुनर्वास की संभावनाओं की ली जा रही जानकारी

दंतेवाड़ा। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों से वर्षों पहले आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना की ओर प्रवासित हुए परिवारों की घर वापसी एवं पुनर्वास को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पहल तेज की गई है। शासन के निर्देशों के तहत संबंधित परिवारों की जानकारी जुटाने, उनसे संपर्क करने तथा वापस लौटने के इच्छुक परिवारों को शासन की योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत दुगेली के माडका पारा में प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रवासित परिवार से मुलाकात कर महत्वपूर्ण जानकारी ली। एसडीएम दंतेवाड़ा मनीष कुमार बघेल, तहसीलदार बी. एनकार तथा ग्राम पंचायत दुगेली की पटवारी अनिता मांडवी माडका पारा निवासी माटा कर्मा के घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों से चर्चा की।
अर्जुन कर्मा के तेलंगाना में रहने की ली जानकारी

अधिकारियों ने परिवार से बातचीत के दौरान उनके भाई अर्जुन कर्मा के संबंध में जानकारी ली। परिवार के अनुसार अर्जुन कर्मा वर्ष 2005 से तेलंगाना में रह रहे हैं। प्रशासनिक टीम ने परिवार से उनके वर्तमान निवास, मूल गांव से संबंध तथा भविष्य में छत्तीसगढ़ लौटकर रहने की इच्छा सहित आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस दौरान अधिकारियों ने परिवार को शासन की ओर से प्रवासित परिवारों की घर वापसी और पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। प्रशासन का उद्देश्य ऐसे परिवारों तक पहुंच बनाकर उनकी वास्तविक स्थिति और उनकी इच्छा के अनुसार आगे की प्रक्रिया निर्धारित करना है।
ग्राम पंचायत स्तर पर किया जा रहा सर्वे

बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह ने 10 सितंबर 2026 को दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों से आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में प्रवासित परिवारों के पुनर्वास की समीक्षा की थी। अधिकारियों को ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित सर्वे करने, प्रवासित परिवारों की जानकारी अद्यतन रखने और वापस आने वाले परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 रिपोर्टर - ए.आर. कर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.