22 सितंबर 2026। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय सीमा की बैठक
दंतेवाड़ा : बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, जनहित कार्यों और प्रगति रिपोर्ट की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में सर्वप्रथम सीएम हेल्पलाइन के दर्ज प्रकरणों, निराकृत प्रकरणों के फीडबैक, लंबित शिकायतों, समय सीमा के बाहर की शिकायतों एवं तीन दिवस में देय शिकायतों पर की गई कार्यवाही कलेक्टर द्वारा गहन समीक्षा की गई। इसके अंतर्गत कुल विभागों की शिकायत संख्या 537 निराकृत शिकायतों की संख्या 238, स्पेशल क्लोज्ड शिकायत 121, निराकृत फीडबैक 49, लंबित शिकायतों 118,एवं समय सीमा के बाहर की शिकायत 38 रही। जबकि तीन दिवस के अंदर प्रस्तुत प्रकरणों की संख्या 22 बताई गई। इनमें ऊर्जा विभाग से संबंधित प्रकरण सर्वाधिक रहे। इस संबंध में कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों के निराकरण के लिए समय सीमा निर्धारित की गई है अतः सभी विभाग इसे प्रमुखता देते हुए प्रभावी कार्यवाही करें। क्योंकि समय सीमा के पश्चात प्रकरण उच्च कार्यालय स्वतः प्रेषित हो जाता है। जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होती हैं। इसके पश्चात कलेक्टर के द्वारा टीएल मार्क पत्रों की माहवार एवं विभागवार जानकारी के संबंध में विभाग प्रमुखों से अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी चाही और कहा कि टीएल मार्क पत्रों के प्रकरणों की संख्या में सभी अधिकारियों से आगामी बैठक तक कमी लाने की अपेक्षा है क्योंकि अधिकतर विभागों के पास चुनिंदा प्रकरण ही है अतः अधिकारी रुचि लेकर निरंक करने का प्रयास करें। इसके साथ ही बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न सेवा गतिविधियों के नोडल विभागों द्वारा आगामी दिवस में किए जाने वाले आयोजनों की पुख्ता तैयारियों की जानकारी से भी कलेक्टर अवगत हुए।
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत ’’सेवा मेरा योगदान’’ के अंतर्गत रक्तदान, वृक्षारोपण, सफाई, नशा कुपोषण के विरूद्ध जनजागरूकता, ’’सेवा सेतु अभियान’’ के तहत हर विकासखंड में ब्लॉक स्तरीय विशेष शिविर, ’’सेवा की कहानी’’, के तहत व्यक्ति विशेष के जीवन में आए बदलाव को सोशल मीडिया पर शेयर करने, ’’आंगन मिलन सेवा’’ गतिविधि में आंगनबाड़ी कार्यकताओं का सम्मान, सेवा चित्र गतिविधियों में विद्यार्थियों द्वारा ड्राइंग पेंटिंग किए जाने, ’’सेवा ज्योति कलश यात्रा’’, ’’नमो सेवा’’ और ’’अन कही कहानियां’’ जैसी विभिन्न गतिविधियों पर संबंधित नोडल अधिकारियों का पूर्व तैयारियां सुनिश्चित कर लेने को कहा। बैठक के अंत में कलेक्टर द्वारा फसल भौतिक सत्यापन के संबंध में राजस्व विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने को कहा। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा
No Previous Comments found.