नए उपकरणों से एनएमडीसी के बचेली कॉम्प्लेक्स की डिस्पैच क्षमता होगी मजबूत
बचेली, छत्तीसगढ़ : एनएमडीसी लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ स्थित अपने बचेली कॉम्प्लेक्स में मटेरियल हैंडलिंग उपकरणों और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ कन्वेइंग सिस्टम और अयस्क लोडिंग व्यवस्था का उन्नयन किया है।
एनएमडीसी के निदेशक (उत्पादन) जयदीप दासगुप्ता ने बचेली कॉम्प्लेक्स की फाइन्स साइडिंग में 3,000 टीपीएच क्षमता वाले वैगन लोडर, 3,200 टीपीएच क्षमता वाले रिक्लेमर और 3,000 टीपीएच क्षमता वाले स्टैकर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बचेली कॉम्प्लेक्स के उत्पादन प्रमुख, अधिशासी निदेशक (पीसी) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अत्याधुनिक, मशीनीकृत और अत्यधिक स्वचालित वैगन लोडिंग प्रणाली से पुराने उपकरणों की तुलना में लोडिंग दक्षता और परिचालन विश्वसनीयता में सुधार होगा। 3,000 टीपीएच की क्षमता वाला नया वैगन लोडर लौह अयस्क की तेज हैंडलिंग और लोडिंग को सक्षम बनाएगा। इससे रेक के ठहराव (डिटेंशन) और उससे जुड़ी डिमरेज लागत में कमी आएगी तथा अधिक मात्रा में अयस्क के डिस्पैच में मदद मिलेगी।
कंपनी ने उन्नत डाउनहिल कन्वेइंग सिस्टम को भी आरंभ किया है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित खनन स्थलों से लोडिंग और प्रसंस्करण सुविधाओं तक लौह अयस्क पहुंचाने की क्षमता और दक्षता में वृद्धि होगी। उन्नत प्रणाली न केवल लौह अयस्क की आवाजाही को अधिक प्रभावी बनाएगी, बल्कि इस महत्वपूर्ण परिवहन कड़ी में उच्चतम सुरक्षा मानकों को बनाए रखने में भी मदद करेगी। साथ ही, इससे बचेली कॉम्प्लेक्स की समग्र मटेरियल हैंडलिंग क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर जयदीप दासगुप्ता ने कहा, “नया वैगन लोडर, रिक्लेमर, स्टैकर और उन्नत डाउनहिल कन्वेइंग सिस्टम बचेली में मटेरियल हैंडलिंग और डिस्पैच की दक्षता में सुधार करेंगे। तेज रेक लोडिंग से डिटेंशन और डिमरेज को कम करने में मदद मिलेगी तथा अधिक मात्रा में अयस्क की निकासी संभव होगी। ये सुधार 2030 तक 100 एमटीपीए के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते हुए हमारी निरंतर उत्पादन वृद्धि में योगदान देंगे।”
रिपोर्टर : ए आर कर्मा

No Previous Comments found.