दंतेवाड़ा पुलिस की यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 72 वाहन चालकों से ₹23,900 समन शुल्क वसूला

दंतेवाड़ा : दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 72 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 23,900 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।

पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह (भापुसे.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे (रा.पु.से.) तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात नसरुल्लाह सिद्दीकी के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना है।

इन उल्लंघनों पर हुई कार्रवाई

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने पर 17 प्रकरणों में 5,100 रुपये, आवश्यक दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं करने पर 32 प्रकरणों में 9,600 रुपये तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 14 प्रकरणों में 4,200 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।

इसी प्रकार, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर चलने के पांच प्रकरणों में 2,500 रुपये, बिना पंजीयन वाहन चलाने के एक प्रकरण में 1,000 रुपये, बिना हेलमेट वाहन चलाने के दो प्रकरणों में 1,000 रुपये तथा बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चलाने के एक प्रकरण में 500 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।

इस तरह कुल 72 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 23,900 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

दंतेवाड़ा पुलिस ने वाहन चालकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की हिदायत दी है। साथ ही निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर स्वयं के साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की गई है।

पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए प्रत्येक वाहन चालक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए नियमों का पालन करना चाहिए।

लगातार जारी रहेगा चेकिंग अभियान

दंतेवाड़ा पुलिस के अनुसार, जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए वाहन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की अपील है कि यातायात नियमों को केवल कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान की सुरक्षा के लिए अपनाएं। सुरक्षित चलें, सावधानी बरतें और जिम्मेदार नागरिक बनें।

रिपोर्टर : ए आर कर्मा  

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.