एनएमडीसी बचेली में ‘रन फॉर इंटीग्रिटी’ का आयोजन, सत्यनिष्ठा और ईमानदारी का दिया संदेश
दंतेवाड़ा : सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनएमडीसी लिमिटेड के बीआईओएम बचेली कॉम्प्लेक्स द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के अंतर्गत शनिवार को ‘रन फॉर इंटीग्रिटी’ (सत्यनिष्ठा के लिए दौड़) का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम “समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा” रखी गई है।
कार्यक्रम में एनएमडीसी के अधिकारी-कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, विद्यार्थियों तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक आचरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बचेली स्थित बैलाडीला क्लब से हुआ। एनएमडीसी बीआईओएम बचेली कॉम्प्लेक्स के मुख्य महाप्रबंधक श्री टी. शिव कुमार ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग पर उत्साह के साथ दौड़ पूरी की। दौड़ का समापन पुनः बैलाडीला क्लब में हुआ।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना था कि सत्यनिष्ठा केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन, कार्यस्थल और सामाजिक व्यवहार में भी अपनाना आवश्यक है। ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक जिम्मेदारी ही एक मजबूत एवं समृद्ध समाज की आधारशिला हैं।
एनएमडीसी बीआईओएम बचेली की इस पहल के माध्यम से सतर्कता जागरूकता सप्ताह को जनभागीदारी से जोड़ते हुए सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया गया।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा

No Previous Comments found.